मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगभग सपाट शुरुआत के बाद सीमित दायरे में कारोबार करते रहे, जबकि वृहत बाजार यानी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र की तुलना में 50.67 अंक की गिरावट के साथ 77,638.66 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान यह 77,440.91 अंक के निचले स्तर तक फिसला, जबकि 77,737.22 अंक के उच्च स्तर को भी छुआ। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 62.26 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,716.86 अंक पर कारोबार कर रहा था।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 24,249.55 अंक पर लगभग सपाट खुला। शुरुआती कारोबार में यह 22.80 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,273 अंक पर पहुंच गया।
बाजार के व्यापक सूचकांकों में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.17 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.18 प्रतिशत तक फिसल गया, जिससे वृहत बाजार में बिकवाली का दबाव साफ नजर आया।
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो आईटी और ऑटो शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी आईटी सूचकांक 1.76 प्रतिशत और ऑटो सूचकांक 1.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टर में भी निवेशकों की लिवाली बनी रही।
दूसरी ओर बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, रियल्टी और रसायन क्षेत्र के शेयर दबाव में रहे और इनके सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स का शेयर करीब 2.5 प्रतिशत की गिरावट में रहा। एशियन पेंट्स में लगभग 1.5 प्रतिशत तथा बीईएल और इटरनल के शेयरों में करीब 1-1 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। एक्सिस बैंक, इंडिगो और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी दबाव बना रहा।
वहीं, आईटी शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। इंफोसिस का शेयर करीब 2.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी 1 से 2 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
