(www.arya-tv.com) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारियों और शहर के प्रबुद्ध व्यक्तियों की नब्ज टटोली। प्रदेशाध्यक्ष देर रात तक शहर में कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर पहुंचे और लोकसभा चुनाव के लिए जोश भरने का काम किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के नौ साल सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित। सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ बिजनौर शहर में संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं व प्रबुद्ध व्यक्तियों से मुलाकात की। प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने डॉ. रीता त्यागी, ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बलवंत सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता हुकम सिंह से मुलाकात की।
प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय महामंत्री व जिला प्रभारी हरिओम शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी साकेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि, पूर्व सांसद राजा भरतेंद्र सिंह, डा बीरबल सिंह आदि उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा बिजनौर की नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा में पार्टी के लक्ष्य से कम संख्या रही। जबकि जनसभा में कई विधान सभाओं से लोगों को बुलाया गया था। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार जनसभा पर गुटबंधी का असर दिखा। भीड़ को देखकर अतिथि नाखुश दिखाई दिए। जनसभा में भारी संख्या में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक आदि उपस्थित रहे। जनसभा की सफलता को पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि कई दिनों से रणनीति बना रहे थे। सभी को जिम्मेदारी भी दी गई थी। पार्टी इस पर मंथन कर रही है।