- मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरोजनीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से रिकॉर्ड समय में निर्मित उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के अत्याधुनिक मुख्यालय का लोकार्पण किया। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह केंद्र प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा। चौबीसों घंटे संचालित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, पूर्व चेतावनी प्रणाली और वास्तविक समय निगरानी जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह मुख्यालय आपदा के समय त्वरित निर्णय और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करेगा।
- डॉ. राजेश्वर सिंह ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरोजनीनगर को प्रदेश के इस महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण संस्थान की सौगात मिलना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक मुख्यालय न केवल उत्तर प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि आधुनिक तकनीक आधारित सुरक्षित और सक्षम प्रदेश के निर्माण के संकल्प को भी साकार करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरोजनीनगर लगातार विकास की नई पहचान बना रहा है और यह परियोजना उसी कड़ी का महत्वपूर्ण अध्याय है।
- भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर किया अभिनंदन
लोकार्पण समारोह के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर परिवार की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार है, जिनके नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ सुरक्षित, सशक्त और आपदा-प्रतिरोधी उत्तर प्रदेश का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
