गोंडा में रफ्तार का कहर : सड़क हादसे में भतीजे की मौत, चाचा समेत तीन घायल, परिवार में मचा कोहराम

# ## Gorakhpur Zone

 धानेपुर क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान बनगाई ग्राम पंचायत के मजरा बल्दूपुरवा निवासी पूरन पांडेय के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

धानेपुर थाना क्षेत्र के बल्दूपुरवा निवासी पूरन पांडेय अपने चाचा मुनेश्वर पांडेय के साथ धानेपुर बाजार जाने के लिए बाइक से निकले थे। दोनों धानेपुर-दतौली मार्ग पर मुजेहना चौराहे के पास कुछ काम से रुके थे और सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दोनों बाइक सवारों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने पूरन पांडेय को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुनेश्वर पांडेय का उपचार जारी है। मृतक पूरन पांडेय अपने पीछे तीन पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उधर, धानेपुर-दतौली मार्ग पर ही मंगरे पुरवा के पास एक अन्य सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़े ओमप्रकाश वर्मा को एक बाइक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ओमप्रकाश वर्मा और बाइक चालक दोनों घायल हो गए। दोनों का उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पूरन पांडेय की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।