यूरोप में मंकीपॉक्स से पहली मौत: मरने वाला मरीज स्पेन का रहने वाला

# ## International

(www.arya-tv.com) मंकीपॉक्स का खतरा बढ़ रहा है। इस बीमारी के सबसे ज्यादा 70% मामले यूरोप में सामने आए हैं। इस बीमारी से लोगों की जान तक जा रही है। यूरोप के स्पेन में मंकीपॉक्स से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। ये यूरोप की पहली मौत मानी जा रही है।

दुनिया में अब तक मंकीपॉक्स से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। 5 लोग अफ्रीकी देशों से थे। यहां मंकीपॉक्स को महामारी (epidemic) माना जाता है। एक मौत 29 जुलाई को साउथ अमेरिकी देश ब्राजील में दर्ज की गई। वहीं, एक अन्य मौत आज (30 जुलाई) को स्पेन में दर्ज की गई। स्पेन के हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, देश में करीब 4,298 लोग मंकीपॉक्स की चपेट में आए हैं। इनमें से 120 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

दुनिया में मंकीपॉक्स के 22 हजार से ज्यादा मामले
monkeypoxmeter.com के डेटा के मुताबिक, 88 देशों में 22,717 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से यूरोप में सबसे ज्यादा करीब 14 हजार लोग मंकीपॉक्स की चपेट में आए हैं।

WHO ने हेल्थ इमरजेंसी घोषित की
WHO ने मंकीपॉक्स को लेकर पूरी दुनिया में हेल्थ इमरजेंसी घोषित की है। WHO ने कहा कि ये बीमारी मरीज से स्किन टु स्किन कॉन्टैक्ट करने से या फिर उसे खाना खिलाने से भी फैलती है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति के कपड़े, बर्तन और बिस्तर छूने से भी मंकीपॉक्स फैल सकता है।

मंकीपॉक्स के लक्षण पहले से अलग
मंकीपॉक्स अफ्रीकी देशों में कॉमन बीमारी है। WHO की मानें तो इस बार हुए आउटब्रेक में मंकीपॉक्स के लक्षण पहले से काफी अलग हैं। फिलहाल 80% से ज्यादा मामलों में पूरे शरीर में दाने उभर रहे हैं। वहीं, 50% लोगों को बुखार ओर 40% लोगों के प्राइवेट पार्ट्स में मवाद से भरे दाने उठ रहे हैं।

बीमारी अब पहले जैसी नहीं रही
लैंसेट जर्नल में प्रकाशित एक स्टडी में वैज्ञानिकों ने लंदन में रहने वाले मंकीपॉक्स के 54 मरीजों की जांच की। ये सभी वे पुरुष हैं जो पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाते हैं। इनमें से केवल 2 मरीजों को अंदाजा नहीं था कि वे किसी संक्रमित के संपर्क में आए हैं।