Gonda News: एसपी ने जारी किया तबादला आदेश, कई थानेदारों के तबादले, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

# ## UP

गोंडा। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जैसवाल ने पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव किया है। जारी तबादला आदेश के तहत कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। कई थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर पहुंचकर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

कई थानों के बदले प्रभारी

तबादला सूची के अनुसार राजेश कुमार तिवारी को पुलिस लाइन से हटाकर थाना खरगूपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं दिनेश सिंह को प्रभारी जनसूचना सेल से प्रभारी निरीक्षक थाना वजीरगंज की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा विपुल कुमार पांडेय को थानाध्यक्ष वजीरगंज से हटाकर थानाध्यक्ष धानेपुर बनाया गया है। पवन मिश्रा को चौकी प्रभारी खोरहंसा (कोतवाली देहात) से थानाध्यक्ष उमरीबेगमगंज और तेजनारायण गुप्ता को चौकी प्रभारी कहोबा (मोतीगंज) से थानाध्यक्ष मोतीगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसओजी, सर्विलांस और जनसूचना सेल में भी बदलाव

पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम में भी बदलाव किया है। आशुतोष सिंह को पुलिस लाइन से प्रभारी एसओजी/स्वाट बनाया गया है। वहीं सुमित्रा को पुलिस लाइन से प्रभारी जनसूचना सेल और मनीष कुमार को प्रभारी स्वाट/सर्विलांस से प्रभारी सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी दी गई है।

कई अधिकारियों को भेजा गया पुलिस लाइन

तबादले के तहत थाना उमरीबेगमगंज के प्रभारी निरीक्षक चन्दन कुमार, थाना खरगूपुर के प्रभारी निरीक्षक गोविन्द कुमार और थाना धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक अरविन्द यादव को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसके अलावा रमाशंकर राय को अतिरिक्त निरीक्षक उमरीबेगमगंज से अतिरिक्त निरीक्षक कर्नलगंज, यशवंत कुमार सिंह को अतिरिक्त निरीक्षक मोतीगंज से अपराध शाखा और अरविन्द कुमार को अतिरिक्त निरीक्षक कर्नलगंज से अपराध शाखा स्थानांतरित किया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि यह फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से किया गया है।