किसानों को बदनाम करने के लिए भाजपा कर रही प्रपंच:अखिलेश यादव

Uncategorized

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर किसानों को बदनाम करने और उद्याेगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने एक ट्वीट के जरिये भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा किसानों को बदनाम करने के प्रपंचों से किसान बहुत आहत हैं, भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी, श्रम कानून व कृषि कानून लाकर खरबपतियों को ही फायदा पहुंचाने वाले नियम बनाए हैं। भाजपा ने आम जनता को बहुत सताया है।

भाजपा ने लाखों को दुख दर्द दिए हैं

इसी ट्वीट में अखिलेश यादव ने भारतीय किसान यूनियन के नेता चौधरी राकेश सिंह टिकैत का नाम लिए बिना शायराना अंदाज में लिखा कि वो आंसू टपके बस दो आंख से हैं, पर दुख-दर्द वो लाखों लाख के हैं।

दरअसल, गणतंत्र दिवस पर किसान आंदोलन के दौरान हुए बवाल के बाद किसान नेता राकेश सिंह टिकैत का मीडिया के सामने फफक-फफक कर रोते हुए वीडियो वायरल हुआ था।

भाजपा की देशभक्ति पर सवाल उठा चुके हैं अखिलेश

इससे पहले शनिवार को अखिलेश ने कहा था कि भाजपा कैसी देशभक्त है जिसके राज में किसान-नौजवान मारा-मारा फिर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में गरीबों को निर्दोष लोगों को सताया जा रहा है। समाजवादी गरीबों और किसानों के साथ है।

भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर पूर्णतया संवेदनाशून्य हैं। किसी के दुख से भाजपा को कोई वास्ता नहीं। भाजपा अन्नदाता को बदनाम कर रही है। अब लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। सन् 2022 में लोकतंत्र की अग्नि परीक्षा होनी है। किसानों व नौजवानों को अपनी जायज मांग उठाने पर भी उन पर आंसू गैस और लाठियां चलती है।