(www.arya-tv.com)पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद मेनका गांधी अपने तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर पहुंची हैं। रात में ही हलियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव से उनके पास कॉल आई कि एक डेढ़ माह का कुत्ते का बच्चा (पपी) कुएं में गिर गया है। इस पर तत्काल एक्शन में आई सांसद ने अपने प्रतिनिधि को फोनकर बच्चे के सकुशल कुएं से निकलवाने के निर्देश दिए। दो घंटे के रेस्क्यू के बाद कुत्ते के बच्चे को बाहर निकाला जा सका। लोग मेनका गांधी की बेजुबानों के प्रति दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं।
जुगरागढ़ गांव का मामला
सांसद प्रतिनिधि रणजीत सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब सवा आठ बजे सांसद के फोन पर हलियापुर थाना क्षेत्र के जुगरागढ़ सिकरी निवासी अभिषेक तिवारी ने उन्हें सूचना दी कि डेढ़ माह का कुत्ते का एक बच्चा उसके घर के सामने कुएं में गिर गया है। रणजीत सिंह ने बताया कि सांसद ने उन्हें तत्काल इस मामले में स्थानीय पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर बच्चे को कुएं से निकलवाने के निर्देश दिए। इस पर रणजीत सिंह ने हलियापुर के थानाध्यक्ष अरशद खान और डीएफओ को तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कराने को कहा।
सूचना मिलते ही एसओ और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू चला, तब कहीं जाकर कुत्ते के बच्चे को सकुशल बाहर निकाला जा सका। इसके बाद से हर ओर सांसद की सराहना हो रही है।
