20 हजार की रिश्वत दो नहीं तो… होमगार्ड ने कमांडेंट पर लगाए गंभीर आरोप, CM योगी से लगाई न्याय की गुहार

# ## UP

सीतापुर। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड ने जिला कमांडेंट पर रिश्वत मांगने और कार्रवाई की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की भी मांग की है।

होमगार्ड रामप्रताप रावत का आरोप है कि उनके और भाई जगमोहन लाल के बीच चल रहे भूमि विवाद से संबंधित आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई। उनका कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह रकम देने में असमर्थ थे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें परेड ड्यूटी से हटाने और निलंबित करने की धमकी दी गई।रामप्रताप ने कहा कि वह नियमित रूप से ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, जिला कमांडेंट श्याम जीत शाही ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यवाही नियमानुसार की जाती है और किसी भी कर्मचारी के साथ नियमों के विपरीत व्यवहार नहीं किया जाता।