शीत लहर को दखते हुए नगर निगम ने सभी जोनों में रैन बसेरे स्थापित किये : नगर आयुक्त

Lucknow

(www.arya-tv.com)नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि वर्तमान में शीत ऋतु के प्रभाव से रात्रि के तापमान में काफी गिरावट होने लगी है एवं शीत लहर प्रारम्भ होने से ठण्ड में काफी वृद्धि हुई हो गयी है। लखनऊ शहर प्रदेश का प्रमुख केन्द्र होने कारण अनेक नागरिको का आवागमन होने के साथ ही भारी संख्या में प्रवासी मजदूर काम की तलाश में शहर में आते है। ऐसी स्थिति में भीषण ठण्ड होने की स्थिति में नगर निगम लखनऊ सीमान्तर्गत नागरिको को सार्वजनिक स्थानों पर ठण्ड से बचाये जाने का दायित्व लेकर रैन बसेरो की व्यवस्था की गयी है।

वर्तमान में नगर निगम लखनऊ द्वारा नगर के समस्त क्षेत्रो में 25 स्थाई रैन बसेरे संचालित है। अतिरिक्त आवश्यकता को देखते हुए 26 अन्य अस्थाई रैन बसेरे शहर में स्थापित किए गए है व 3 अस्थाई रैन बसेरा स्थापित किए जाने का कार्य प्रगति पर है।

नगर निगम द्वारा संचालित समस्त रैन बसेरों में निराश्रितों को आश्रय की व्यवस्था हेतु सभी आवश्यक सुविधायें जैसे बेड, बिस्तर, नहाने के गर्म पानी हेतु गीजर, कमरे को गर्म रखने के लिये ब्लोवर, शौचालय की व्यवस्था एवं साफ-सफाई की अनिवार्य रूप से समुचित व्यवस्था करायी गयी है। इसके अतिरिक्त आश्रयहीन, रैन बसेरो में ठहरे व्यक्तियों, रेलवे स्टेशनों के आगन्तुको, अस्पताल एवं चौराहो पर आने-जाने वाले व्यक्तियों को ठण्ड से बचाये जाने की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम लखनऊ द्वारा जगह-जगह अलाव जलाये जाने की व्यवस्था प्रत्येक वर्ष की भाँति की जा रही है।

नगर निगम लखनऊ द्वारा वचनबद्धता के साथ यह पूर्ण प्रयास किया जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र में किसी भी नागरिक को शीत लहर/ठण्ड के कारण किसी समस्या का सामना न करना पड़े।

सूचित किया गया है यदि कोई व्यक्ति शीत अथवा खुले में सोते हुए दिखता है तो उसकी सूचना नगर निगम लखनऊ के कंट्रोल रूम के निम्नलिखित नंबर पर दी जा सकती है, सूचना प्राप्त होने पर नगर निगम की टीम द्वारा उक्त व्यक्ति को यथासम्भव शेल्टर होम में पहुँचाने के लिए कार्यवाही की जायेगीः-

लैंड लाइन नंबर 0522 – 2289764, 2289777, 2289782
सीयूजी नंबर – 9151055671, 9151055672, 9151055673