संजय सिंह ने लगाया बड़ा आरोप, देश की संपत्ती को बेच रही मोदी सरकार

Meerut Zone UP

मेरठ(www.arya-tv.com) यूपी के मेरठ में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर साधा निशाना। सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नरेंद्र मोदी सरकार अपने कार्यकाल मे लगातार देश की सम्पत्तियों को बेच रही है।

उन्होंने कहा कि पुरखों की विरासत को बेचने वाला कपूत और बढ़ाने वाला सपूत कहलाता है। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह मेरठ के चैम्बर ऑफ कॉमर्स (Chamber Of Commerce) में पार्टी बैठक के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

संजय सिंह ने आरोप लगाया, ’’ देश के लोगों ने अगर इसका विरोध नहीं किया तो ये लोग देश को पूरी तरह से बेचकर झोला उठाकर चले जायेंगे। फिर आप और हम किसी प्राइवेट लिमिटेड के अधीन होकर रह जाएंगे.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार कृषि कानूनों की आड़ मे किसानों की जमीन, खेती को बेचने की साजिश कर रही है।

सांसद ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ’’ अगर भाजपा सरकार का कृषि कानून किसानों के लिए वाकई लाभदायक है तो योगी जी उत्तर प्रदेश मे पंचायत चुनाव को सिम्बल पर कराएंये और गांव-गांव जाकर इस कानून के फायदे किसानों को बताएं.’’

वहीं, कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 28 फरवरी को किसान मेरठ में महापंचायत को संबोधित करेंगे। इसे लेकर आप सांसद संजय सिंह आजकल यहीं डेरा डाले हुए हैं। पंचायत को सफल बनाने को लेकर आप कार्यकर्ता भी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।

पंचायतों को लेकर वोट बैंक की राजनीति कितनी रफ्तार पकड़ चुकी है, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कल 27 फरवरी को रालोद नेता जयंत चौधरी भी एक किसान पंचायत को संबोधित करेंगे।

इसके बाद अरविंद केजरीवाल की भी किसान पंचायत होगी. इसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी मेरठ में किसान पंचायत कर सकती हैं.