दिल्ली। अक्टूबर की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए महंगाई की नई खबर लेकर आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के अनुरूप विमान ईंधन (ATF) की कीमत बृहस्पतिवार से 16 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है और साथ ही 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 62.59 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 942 रुपये में ही मिलेगा। नई कीमतें 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं।
ATF के दाम में 16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी
सरकारी तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी। तेल कंपनियों के अनुसार, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले सितंबर में एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर यानी 5.46 प्रतिशत बढ़ाई गई थी।
अगस्त में भी इसमें पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। विमानन कंपनियों की कुल परिचालन लागत में एटीएफ की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत तक होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतें विमानन कंपनियों की लागत को प्रभावित करने वाला एक प्रमुख कारक हैं।
कमर्शियल LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा
विमान ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के साथ ही वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 62.59 रुपये बढ़ाई गई है। सितंबर में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
फरवरी से जून तक तेजी से बढ़े थे दाम
फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,373 रुपये बढ़कर 1,740.50 रुपये से 3,113.50 रुपये हो गई थी। इसके बाद जुलाई और अगस्त में इसमें कमी की गई। ताजा बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में मानक कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये-डॉलर विनिमय दर के आधार पर किए गए हैं।
जुलाई से अगस्त तक घटाई गई थी कीमत
इससे पहले जुलाई और अगस्त में लगातार दो महीनों में इसकी कीमत क्रमश: 183.50 रुपये और 192 रुपये घटाई गई थी। ये कटौती जून में कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद की गई थी। उस समय वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों के कारण वाणिज्यिक एलपीजी महंगी हो गई थी।
घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में राहत
आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की बात है। घरों में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले घरेलू एलपीजी की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 942 रुपये ही रहेगी।
हर महीने की पहली तारीख को होती है समीक्षा
एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा की जाती है। स्थानीय करों, जैसे मूल्य वर्धित कर (वैट) के कारण अलग-अलग राज्यों में इनकी कीमतें अलग हो सकती हैं।
अक्टूबर की शुरुआत में क्या बदला?
ATF: ₹121 से बढ़कर ₹137 प्रति लीटर
ATF बढ़ोतरी: ₹16 प्रति लीटर
कमर्शियल LPG (19 किलो): ₹62.59 महंगा
घरेलू LPG (14.2 किलो): ₹942, कीमत में कोई बदलाव नहीं
पेट्रोल-डीजल: कीमतों में कोई बदलाव नहीं
पश्चिम एशिया संकट के बीच बढ़े थे LPG के दाम
पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होने और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी आने के बाद मार्च से जून के बीच घरेलू रसोई गैस की कीमत 89 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई थी।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी 7.50 रुपये तक बढ़ीं
मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। अभी इनके दाम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
