(www.arya-tv.com) कानपुर नगर निगम ने पीने योग्य पानी की जांच के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव को पास कराने के लिए 30 जुलाई को नगर निगम सदन में रखा जाएगा। इसे लागू करने से पहले लोगों से आपत्ति और सुझाव भी मांगे जाएंगे। जिन प्रतिष्ठानों में 20 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं, उन्हें पानी की जांच अनिवार्य रूप से करानी होगी।
कुल 5100 रुपए चुकाने होंगे
प्रस्ताव के मुताबिक, इसे शुद्ध पेयजल एवं संभरण (मेंटेनेंस) नियमावली 2022 कहा जाएगा। इसके लागू होने के बाद पानी की जांच के लिए नगर निगम को 4500 रुपए देने होंगे। इसके अलावा पानी की जांच के लिए आवेदन के लिए 100 रुपए और सैंपल कलेक्शन के लिए 500 रुपए अलग से देने होंगे। कुल 5100 रुपए में नगर निगम पानी की जांच करेगा।
पकड़े जाने पर 20 हजार रुपए जुर्माना
शुद्ध पानी की जांच के लिए खुद से आवेदन किया जा सकेगा। इसके अलावा नगर निगम भी पानी की जांच के लिए औचक छापेमारी करेगा। पहली बार पकड़े जाने पर 10 हजार रुपए और दूसरी बार पकड़े जाने पर 20 हजार रुपए जुर्माना देना होगा।
प्रदेश का पहला नगर निगम
पानी की शुद्धता का सर्टिफिकेट नगर निगम से हर साल लेना होगा। सर्टिफिकेट रिन्यूवल न कराने पर वार्षिक शुल्क का दोगुना जुर्माना देना होगा। अभी तक फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट द्वारा की पानी की जांच की जाती थी। प्रदेश में पहली बार कानपुर नगर निगम भी पानी की जांच करेगा।
इनको लेना होगा पानी शुद्धता का सर्टिफिकेट
होटल, रेस्टारेंट, गेस्ट हाउस, बारातशाला, बैंक्वेट हॉल, सामुदायिक भवन, जिम, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, फैक्ट्री, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी समेत अन्य।
पानी की जांच के लिए पैरामीटर
पैरामीटर | परमीशिएबल लिमिट |
पीएच | 6.5 से 8.5 |
टीडीएस | 500 Mg/L |
हार्डनेस | 200 Mg/L |
अल्कलाइन | 200 Mg/L |
नाइट्रेट | 45 Mg/L |
सल्फेट | 200 Mg/L |
फ्लोराइड | 1 Mg/L |
आर्सेनिक | 0.01 Mg/L |
कॉपर | 0.05 Mg/L |
लेड | 0.01 Mg/L |
जिंक | 5 Mg/L |