यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम यूपी के शामली जिले में एक जिम के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सिंगर के हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर जितेंद्र गोगी ग्रुप के भोलू साहपुरिया ने ली है। इंस्टाग्राम पर भोलू साहपुरिया नाम के शख्स ने पोस्ट डाला है।
ये हमारे दुश्मनों का साथ देता था
इसमें कहा गया, ‘सभी भाईयो को राम राम। ये जो आज अंकित बालायन का शामली में मर्डर हुआ है। इसकी पूरी जिम्मेदारी मैं भोलू साहपुरिया (Bholu Sahapuriya, Sonipat) लेता हूं। ये हमारे दुश्मनों का साथ देता था। हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पे इसने गाना बनाया था। हमारे दुश्मनों का अपराधिक कामों में साथ देता था। इसका अंजाम इसको मिल गया और जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा उन सबका यही हाल होगा। ये तो अभी शुरुआत है। सबका नंबर आएगा। Wait and Watch…’
जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में हुई थी हत्या
बता दें कि गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में गोली मारकर हत्या की गई थी। अंकित ने इसी तरीके का गाना बनाया था। इसी को लेकर गोगी गैंग ने ये पोस्ट करके हत्या की जिम्मेदारी ली है। शामली पुलिस इस सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की जांच कर रही है।
लोगों ने 5 घंटे सड़क पर लगाया जाम
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद शव को रोड पर रखकर 5 घंटे तक जाम लगाया था। उसके बाद पुलिस ने परिवार वालों को समझा बूझाकर डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
गानों में बंदूक, हथियार और एसयूवी का इस्तेमाल
हरियाणवी सिंग अंकित बालियान के यूट्यूब चैनल के 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे। वह अपने वीडियो में विभिन्न सहयोगियों के साथ गायक और कलाकार के रूप में नजर आते थे। उनके कई वीडियो में बंदूक, हथियार और एसयूवी का इस्तेमाल दिखाया गया था।
अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने देर रात एक्स पर कहा, ‘यूपी की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय सिंगर अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।’
