(www.arya-tv.com) मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी फाइनल मुकाबले में मुंबई को करारा जवाब दिया है। मैच के तीसरे दिन के तीसरे सेशन में MP ने 2 विकेट खोकर 341 रन बना लिए हैं। रजत पाटीदार क्रीज पर हैं। शुभम शर्मा (116) और यश दुबे (133) ने बेहतरीन शतक जमाए। MP अब पहली पारी के आधार पर मुंबई से सिर्फ 33 रन पीछे है।
मप्र ने दिन की शुरुआत 123/1 के स्कोर से की। यश दुबे ने 44 और शुभम शर्मा ने 41 रन से अपने निजी स्कोर को आगे बढ़ाया। इससे पहले हिमांशु मंत्री 31 रन बनाकर तुषार देशपांडे की गेंद पर LBW आउट हुए।
मुंबई पहली पारी में 374 रन पर आउट
दूसरा दिन मुंबई के नाम रहा। उसकी ओर से सरफराज खान ने शतक जमाते हुए अपनी टीम का स्कोर 374 रन पहुंचाया। सरफराज खान ने शानदार जमाते हुए 134 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 243 गेंदों का सामना किया। इसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल है।24 साल के सरफराज ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का आठवां शतक जमाया है। पिछली 14 रणजी पारियों में सरफराज एक तिहरा शतक, दो दोहरे शतक, चार शतक और तीन अर्धशतक जमाए हैं।
गौरव को चार, अनुभव को दो विकेट
दूसरे दिन मध्यप्रदेश के गेंदबाजों ने भी दबाव बनाए रखा। उन्होंने सरफराज को खुलकर नहीं खेलने दिया। गौरव यादव ने चार, अनुभव अग्रवाल ने तीन, सारांश जैन ने दो और कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट लिए।
पहले दिन मुंबई की अच्छी शुरुआत के बाद MP ने वापसी की थी
पृथ्वी शॉ और यशस्वी जायसवाल ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट की साझेदारी में 87 रन जोड़े। शॉ 79 बॉल पर 5 चौके और एक छक्का जमाने के बाद मीडियम पेसर अनुभव अग्रवाल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद जायसवाल ने अरमान जाफर के साथ मिलकर मुंबई को 100 रन के पार पहुंचाया।
मुंबई का दूसरा विकेट 120 रन के स्कोर पर गिरा जब जाफर 56 गेंदों पर 26 रन बनाकर IPL स्टार लेफ्ट आर्म स्पिनर कुमार कार्तिकेय की गेंद पर यश दुबे को कैच थमा बैठे। शाम होते-होते मुंबई ने पांच विकेट गंवा दिए थे।