55 फीट के रावण का प्रभुराम करेंगे दहन, प्रदूषण न हो, इसलिए ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल

UP

(www.arya-tv.com)लक्ष्मणकिला मंदिर में 8 दिन से चल रही बॉलीवुड कलाकारों की रामलीला का आज अंतिम दिन है। विजयादशमी पर्व के मौके पर भगवान राम 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेंगे। रावण का पुतला दिल्ली से लाया गया है। इसमें ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल किया गया है, ताकि प्रदूषण की मात्रा बेहद कम रहे।

आयोजक सुभाष मलिक और कलाकार रामलीला की लोकप्रियता को लेकर बेहद उत्साहित हैं। सुभाष मलिक ने कहा कि अगले साथ और भव्य रामलीला होगी। दर्शकों की संख्या 10 करोड़ पार कर गई है। आयोजन में कोरोना के चलते एंट्री नहीं थी। लेकिन दूरदर्शन, विविध भारती पर दर्शकों ने खूब पसंद किया।

आज दोपहर तीन बजे से होगा मंचन

आज रामलीला का प्रसारण दोपहर साढ़े तीन बजे से शाम पांच बजे तक किया जाएगा। अभी तक 17 अक्टूबर से हर दिन शाम सात बजे से रात 10 बजे तक रामलीला का सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर प्रसारण होता था। आज शाम सात से 10 बजे तक रिपीट टेलीकास्ट होगा। आयोजक सुभाष मलिक ने बताया कि आज शाम प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और लोक गायिका मालिनी अवस्थी मौजूद रहेंगी।

4 करोड़ के करीब खर्च

रामलीला में रावण की भूमिका में शाहबाज खान हैं। इसके अलावा असरानी, अवतार गिल, सांसद मनोज तिवारी, सांसद रवि किशन और सीता के रूप में कविता जोशी और प्रभु राम की भूमिका मे सोनू डागर ने भी अपने पात्रों के साथ न्याय किया। कुल मिलाकर 9 दिवसीय राम लीला का मंचन आकर्षक व इसकी भव्यता ने अयोध्या में राम लीला के स्तरीय आयोजन के लिए प्रोत्साहित किया है। इस राम लीला में दिल्ली व मुंबई के 85 मंझे हुए कलाकारों ने अभिनय किया। आयोजन संस्था के अध्यक्ष सुभाष मलिक बाबी ने बताया कि 9 दिनों की राम लीला के आयोजन में करीब 4 करोड़ के खर्च का अनुमान है, जो उनकी एनजीओ मेरी मां फाउंडेशन व लोगों के सहयोग से पूरा हो सका है। इसके अलावा कोविड के दौरान इसके आयोजन में प्रदेश की योगी सरकार व केंद्र की मोदी सरकार का सहयोग रहा है।