हरियाणा सरकार ने रक्षा बंधन पर आरोपी राम रहीम को बड़ा तोहफा दिया है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को फिर 21 दिनों की पैरोल दी गई है। पैरोल मिलने के बाद आज सुबह 6 बजकर पांच मिनट पर राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से अपने सिरसा आश्रम के लिए अपने काफिले में सवार होकर निकला। सबसे खास बात यह है कि लगातार तीसरी बार उसे सिरसा आश्रम जाने की अनुमति मिली है। बता दें कि राम रहीम इस बार 17 वीं बार जेल से बाहर आया है। इससे पहले परोल या फरलो के दौरान उसे उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम भेजा जाता रहा है, लेकिन इस बार वह सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्य आश्रम जाने के लिए निकला है।
रेप और हत्या के मामले में मिली है सजा
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को साल 2017 में दो साध्वियों से बलात्कार और डेरा के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और वह पिछले 10 सालों से जेल में बंद है। उसे 20 साल जेल की सजा मिली है। हालांकि 10 सालों में वह 16 बार जेल से बाहर आ चुका है। मई महीने में उसे 30 दिन की पैरोल मिली थी। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में भी राम रहीम को दोषी ठहराया गया था।
पैरोल पर उठते रहे हैं सवाल
बता दें कि जेल में सजा काट रहे कैदियों की कुछ खास परिस्थितियों में ही पैरोल दी जाती है। जेल की सजा मिलने के बावजूद राम रहीम को बार-बार पैरोल या फरलो पर अस्थायी रिहाई दी जाती रही है। राम रहीम को पैरोल पर अक्सर राजनीतिक और सार्वजनिक सवाल भी उठे हैं। उसे मिली पैरोल ने एक बार फिर हाई-प्रोफाइल कैदियों के लिए पैरोल पॉलिसी पर ध्यान खींचा है जिनके तहत राम रहीम को बार-बार अस्थायी रिहाई दी जाती रही है।
राम रहीम को कब कब मिली पैरोल और फरलो
2020
* अक्टूबर 2020 : 1 दिन की पैरोल
2021
* मई 2021 : 1 दिन की पैरोल
2022
* फरवरी 2022 : 21 दिन की फरलो
* जून 2022 : 30 दिन की पैरोल
* अक्टूबर 2022 : 40 दिन की पैरोल
2023
* जनवरी 2023 : 40 दिन की पैरोल
* जुलाई 2023 : 30 दिन की पैरोल
* नवंबर 2023 : 21 दिन की फरलो
2024
* जनवरी 2024 : 50 दिन की पैरोल
* अगस्त 2024 : 21 दिन की फरलो
* अक्टूबर 2024 : 20 दिन की पैरोल
2025
* जनवरी 2025 : 30 दिन की पैरोल
* अप्रैल 2025 : 21 दिन की फरलो
* अगस्त 2025 : 40 दिन की पैरोल
2026
* जनवरी 2026 : 40 दिन की पैरोल
* मई 2026 : 30 दिन की पैरोल
26 2026 जून को वापिस जेल पहुंचा
25 अगस्त 2026 को 21 दिन के लिए फरलो पर 17वीं बार बाहर आया राम रहीम
