अयोध्या: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण (Ram Mandir) का कार्य बस शुरू होने वाला है। इसको लेकर संभावित तारीख 3 या 5 अगस्त बताई जा रही है। इसी दिन भूमि पूजन के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक हुई। इसमे शिलान्यास की तारीख के अलावा मंदिर की ऊंचाई और निर्माण की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए तिथियों का सुझाव दे दिया गया है, आखिरी फैसला पीएमओ करेगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि मंदिर के मॉडल की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी।
राम मंदिर मॉडल की बढ़ी ऊंचाई
प्रस्तावित राम मंदिर मॉडल 128 फीट ऊंचा है जिसे अब बढ़ाकर 161 फीट ऊंचा करने का फैसला लिया गया है। गर्भगृह के आसपास अब 5 गुंबद बनाए जाएंगे, उन्होंने आगे कहा कि अभी मिट्टी की ताकत कितनी है, इसकी रिपोर्ट आनी है। इसके बाद फैसला लिया जाएगा कि नींव कितनी रखी जाएगी. 60 मीटर नीचे से मिट्टी के सैंपल लिए जाएंगे। इस काम पर लार्सेन एंड ट्यूब्रो कंपनी लगी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर का निर्माण जिस दिन से शुरू होगा, उस दिन से करीब 3 या साढ़े तीन साल का वक्त लगेगा।
