हिन्दुओं के धैर्य की परीक्षा न लें राहुल गांधी – डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • तुष्टीकरण की राजनीति में हर हद न लांघिए ‘राहुल जी’ देश को चुकानी पड़ेगी इसकी बड़ी कीमत – डॉ. राजेश्वर सिंह
  • हिन्दू सरल और सहिष्णु, राहुल का बयान हिन्दुओं के विरुद्ध आतंकवादियों को देगा प्रेरणा – डॉ. राजेश्वर सिंह
  • कांग्रेस शासन में भारत ने लगातार सहा आतंकवाद, नेता प्रतिपक्ष बनकर राहुल गांधी फिर से आतंक को उकसा रहे – डॉ. राजेश्वर सिंह
  • हिंदुत्व को लेकर बिगड़े राहुल गांधी के बोल, सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आंकड़ों के साथ दिखाया आईना
  • राहुल गांधी के बयान से मचा घमासान, ट्वीट कर डॉ. राजेश्वर सिंह ने जताया आक्रोश

लखनऊ। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद में हिन्दुओं पर दिए गए वक्तव्य पर जहाँ पूरे देश में आक्रोश है वही सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी तीखा हमला बोला। डॉ. सिंह ने लिखा कि हिंदू समाज विश्व का सर्वाधिक सहिष्णु समाज है, हिंदू धर्म सबसे सहिष्णु धर्म है, इसीलिए हमने अनंत विदेशी आक्रमण झेले हैं।

डॉ. सिंह ने भारत पर हुए प्रमुख विदेशी आक्रमणों का उल्लेख करते हुए लिखा कि भारत पर फ़ारस का आक्रमण हुआ, मोहम्मद बिन कासिम के नेतृत्व में अरब आक्रमण हुआ, महमूद गजनवी के नेतृत्व में तुर्की आक्रमण हुआ, मुहम्मद गोरी के नेतृत्व में तुर्की आक्रमण हुआ, चंगेज ख़ां के नेतृत्व में मंगोल आक्रमण हुआ, बाबर के नेतृत्व में मुगलों का आक्रमण हुआ, भारत पर नादिर शाह ने आक्रमण किया, अहमद शाह दुर्रानी ने आक्रमण किया, ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने भी भारत पर आक्रमण किया।

स्वाधीनता उपरान्त भारत पर हुए आक्रमणों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने लिखा कि पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया, चीन ने हमला किया और कांग्रेस सरकार के दौरान, इस्लामिक आतंकवादियों ने मुंबई 26/11, अयोध्या, संकट मोचन, वाराणसी आदि में हम पर हमला किया, ये सूची अंतहीन है।

डॉ. सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आगे लिखा कि देश को कमजोर मत करिए! पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन की भांति पुनः भारत को आतंकवादियों के लिए स्वर्ग में बदलने की कोशिश न करिए! पहले ही हम पर 220 से अधिक बार आक्रमण हो चुके हैं! आईएसआईएस,पीएफआई सिमी, हूजी, लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों को फिर से अपना सिर उठाने और सरल व शांतिप्रिय हिंदुओं पर हावी होने तथा देश को कमजोर करने का अवसर न दीजिए। हिंदुओं ने कभी किसी धर्म या देश पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन फिर भी राहुल जी आप कहते हैं; “हिन्दू हिंसक हैं”। अच्छी बात नहीं है राहुल जी!!

सरोजनीनगर विधायक ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए आगे लिखा कि तुष्टीकरण की राजनीति में हर हद न लांघिए! हमारे देश को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी! हिंदुओं के धैर्य की ज्यादा परीक्षा भी न लीजिए। आपको मेरी यही सलाह है! बता दें की नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को संसद में बयान दिया था कि, “जो लोग अपने आप को हिन्दू कहते हैं वे चौबीस घंटे हिंसा, हिंसा, हिंसा, नफरत, नफरत, नफरत, असत्य, असत्य, असत्य करते हैं।”