आर्यकुल मोड़ पर बिजली विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल, हरे पेड़ों को जड़ से काटने का आरोप

Lucknow

लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में नटकुर चौकी के अंतर्गत आर्यकुल मोड़ पर बिजली विभाग की ओर से पेड़ों की कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली लाइनों की सुरक्षा अथवा अन्य तकनीकी आवश्यकता के नाम पर पेड़ों की छंटाई करने के बजाय सही-सलामत पेड़ों को पूरी तरह नीचे से काट दिया गया।

नागरिकों का कहना है कि यदि बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं से कोई समस्या थी तो नियमानुसार केवल आवश्यक छंटाई की जानी चाहिए थी, लेकिन पेड़ों को जड़ के पास से काटे जाने से पर्यावरण संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर स्थानीय निवासियों ने नटकुर पुलिस चौकी और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि हरे पेड़ों की कटाई की अनुमति किस आधार पर दी गई और मौके पर किसके निर्देश पर पेड़ काटे गए, इसकी जांच होनी चाहिए। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि शिकायत के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।