पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का अंतिम संस्कार… आखिरी लम्हों में उमड़ी भीड़, भरे मन से परिवार ने किया विदा

# ## National

चंडीगढ़। पंजाबी अभिनेता-गायक राजवीर जवंदा का बृहस्पतिवार को परिवार और पेशेवर सहयोगियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंजाबी फिल्म एवं संगीत उद्योग के उभरते कलाकार जवंदा का बुधवार को निधन हो गया था। वह 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जवंदा की गंभीर स्थिति के कारण उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।

सतिंदर सरताज, बब्बू मान, जसबीर जस्सी, करमजीत अनमोल, हरभजन मान, अम्मी विर्क, कंवर ग्रेवाल, कुलविंदर बिल्ला, रंजीत बावा सहित कई पंजाबी अभिनेताओं और गायकों ने जवंदा को श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी गायक के निवास पर एकत्रित हुए थे। लुधियाना के जगराओं के पोना गांव के रहने वाले जवंदा ने 2014 में एकल गीत ‘मुंडा लाइक मी’ से अपने गायन करियर की शुरुआत की और 2016 में ‘काली जवंदे दी’ गीत से उन्हें प्रसिद्धि मिली।

गायक को लोक विरासत को नए जमाने के पंजाबी पॉप के साथ जोड़ने के लिए प्रशंसा मिली, जिसने युवा श्रोताओं को आकर्षित किया। संगीत ऐप ‘ऐप्पल म्यूजिक’ पर पोस्ट की गई एक संक्षिप्त जीवनी के अनुसार, जवंदा की ख्वाहिश बड़े होकर पुलिस अधिकारी बनने की थी लेकिन उन्होंने गायक के रूप में कलात्मक जीवन जीने के लिए इस सपने को त्याग दिया।

वह अपने गीतों ‘तू दिस पेंदा’, ‘खुश रह कर’, ‘सरदारी’, ‘सरनेम’, ‘आफरीन’, ‘लैंडलॉर्ड’, ‘डाउन टू अर्थ’ और ‘कंगनी’ के लिए भी जाने जाते थे। जवंदा ने 2018 में गिप्पी ग्रेवाल अभिनीत पंजाबी फिल्म ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’, 2019 में ‘जिंद जान’ और 2019 में ‘मिंदो तसीलदारनी’ में अभिनय किया था। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी जवंदा के पैतृक निवास पर जाकर उनके परिवार के सदस्यों के समक्ष शोक व्यक्त किया।