प्रियंका गांधी वाड्रा निकालेंगी कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा, 12 हजार किमी चलेगी यात्रा

UP

 (www.arya-tv.com) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यह यात्रा 12 हजार कि​मी का सफर तय करेंगी। इस यात्रा को कई गांवों ​और कस्बों से निकाला जाएगा। यात्रा में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रियंका गांधी तय करेंगी।

प्रियंका गांधी सलाहकार और रणनीति कमेटी के सदस्यों से यात्राओं के रूट और मुद्दों पर जानकारी ले रहीं हैं। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरे में वह पार्टी के लिए चुनाव के लिहाज से आगे की रणनीति व अभियान की रूपरेखा पर गहन मंथन करेंगी। साथ ही संगठन की समीक्षा व प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा करेंगी। 

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि प्रियंका शुक्रवार को सलाहकार कमेटी के साथ बैठक करने जा रही हैं। इसके बाद वह प्रदेश चुनाव कमेटी के पदाधिकारियों से वार्ता कर चुनावी तैयारियों की थाह लेंगी और प्रत्याशियों के चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की रणनीति पर मंथन करेंगी। इस दौरे में कांग्रेस महासचिव पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करके जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन भी करेंगी। इसी क्रम में पार्टी द्वारा संचालित ‘प्रशिक्षण से पराक्रम’ कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा होगी। प्रियंका शनिवार को भी यहीं रहेंगी। इस बीच उनके रायबरेली जाने की भी संभावना है।