यूपी के हर गांव में 20 मजबूत कार्यकर्ता को तैयार करेगी प्रियंका गांधी वाड्रा

Lucknow UP

(www.arya-tv.com) कांग्रेस यूपी के हर गांव में मजबूती से उसका झंडा उठाने वाले 20 कार्यकर्ता खड़ा करेगी। चुनावी सफलता के लिए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का यही मूल मंत्र है, जिस पर लगातार अमल हो रहा है। पहले ‘संगठन सृजन अभियान’ और फिर ‘प्रशिक्षण से पराक्रम महाअभियान’ इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। प्रियंका 10 व 11 सितंबर को लखनऊ में रहकर इसी आधार पर संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगी।

कांग्रेस सभी 75 जिलों में 24 अगस्त से 7 सितंबर के बीच प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। इनमें जिला व शहर से लेकर ब्लॉक व न्याय पंचायत स्तर तक की कमेटियों के सदस्य शामिल हुए। इन प्रशिक्षण शिविरों में जहां कांग्रेस हुकूमतों की उपलब्धियां बताई गई हैं, वहीं संघ परिवार का कांग्रेस के बारे में दुष्प्रचार के ठोस तरीके से जवाब भी दिया गया। यह काम बुकलेट्स के माध्यम से किया जा रहा है।

इन प्रशिक्षण शिविरों को प्रियंका ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया। उनके सुझावों को सुना। कोई कठिनाई रखी तो उसका हल भी सुझाया। या फिर अपनी टीम और प्रदेश कमेटी को समाधान की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। अंत में एक ही बात पूछी कि क्या यूपी में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं? जवाब ‘हां’में मिलने पर कहा कि अगर ऐसा चाहते हैं तो इसके लिए जी-जान से जुटना भी होगा। सफलता के लिए हर गांव में 20 कार्यकर्ता खड़े करने होंगे। बूथ संगठन मजबूत करने होंगे।

शेष 40 हजार ग्राम पंचायतों में आगामी 20 सितंबर तक कमेटियों का गठन करना है
कांग्रेस ने जिला, शहर, ब्लॉक व न्याय पंचायत स्तर तक कमेटियां बना दी हैं। प्रियंका ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों में कमेटियों के गठन का लक्ष्य दिया है। पार्टी के एक प्रमुख रणनीतिकार ने नाम न छापने के आग्रह के साथ बताया कि 18 हजार ग्राम पंचायतों में कमेटी गठन का काम पूरा हो चुका है। शेष 40 हजार ग्राम पंचायतों में आगामी 20 सितंबर तक कमेटियों का गठन करना है। दो दिन की बैठक में प्रियंका इन्हीं कमेटियों के गठन की समीक्षा करेंगी।

अमेठी और रायबरेली भी जाएंगी प्रिंयका
दो दिन लखनऊ रुकने के बाद प्रियंका अमेठी और रायबरेली भी जाएंगी। वहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। वे लंबे अंतराल के बाद वहां जाएंगी।

अक्तूबर में लखनऊ में रैली की योजना
कांग्रेस ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन खड़ा करने के बाद अक्तूबर में लखनऊ में बड़ी रैली करने की योजना बना रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह रैली सिर्फ और सिर्फ संगठन के दम पर ही होगी।