शानदार लोकेशन, अफोर्डेबल कीमत; LDA लखनऊ की इन जगहों पर दे रहा सस्ते फ्लैट खरीदने का मौका

# ## Lucknow

 लखनऊ विकास प्राधिकरण अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत अनंत नगर और शारदा नगर योजना में विभिन्न आय वर्ग परिवारों के लिए 1 बीएचके एवं 2 बीएचके श्रेणी के 2,240 फ्लैट बनाएगा। ये फ्लैट निजी व सरकारी योजनाओं से सस्ते होंगे। फ्लैटों की कीमत 8.99 लाख रुपये से शुरू होगी। एलडीए ने दाम निर्धारित कर दिए हैं। निर्माण तीन साल में पूरा करके पांचवें साल में कब्जा दिया जाएगा।

अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में अदिति अपार्टमेंट बनेगा। इसमें 1 व 2 बीएचके के 1392 फ्लैट बनेंगे। 1 बीएचके की कीमत 8.99 लाख रुपये और 2 बीएचके की 34.82 लाख रुपये रखी है। यह पहली बहुमंजिला हाउसिंग स्कीम होगी, जहां विभिन्न आय वर्ग के परिवारों किफायती कीमत पर फ्लैट मिलेंगे। अपार्टमेंट में पांच टॉवर निर्मित किए जाएंगे। यह परियोजना विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

इसी तरह रायबरेली रोड स्थित शारदा नगर योजना में बागेश्वरी अपार्टमेंट में 12 मंजिल के चार टाॅवर में 848 अपार्टमेंट बनेंगे। 1 बीएचके फ्लैट की कीमत 8.99 लाख और 2 बीएचके फ्लैट 34.90 लाख रुपये में मिलेगा। ऑनलाइन पंजीयन अगस्त से खोले जाएंगे। अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी। जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत है। आवंटन लॉटरी के माध्यम से होगा। 36 महीने की पूरी किस्त जमा करनी होगी। वहीं, 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

सीतापुर रोड और बसंतकुंज में भी बनेंगे सस्ते फ्लैट

एलडीए इसी माह सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कॉलेज के पास कब्जा मुक्त कराई 16 हजार वर्गमीटर भूमि पर चंद्रिका अपार्टमेंट नाम से गरीब व मध्यम परिवार के लिए 900 फ्लैट बना रहा है। इसमें 582 एलआईजी व 336 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट बनेंगे। पंजीयन अगस्त से करने की तैयारी है। अपार्टमेंट में 50 वर्गमीटर का 2 बीएचके एलआईजी फ्लैट 35 लाख रुपये, जबकि 38 वर्गमीटर का ईडब्ल्यूएस 1 बीएचके फ्लैट 15 लाख रुपये का बिक्री किया जाएगा। इसी तरह बसंतकुंज योजना में 4 हजार फ्लैट बनाकर इन्हीं कीमत पर दिए जाएंगे।

अदिति अपार्टमेंट

1 बीएचके के 156 फ्लैट, 40 वर्गमीटर एरिया

2 बीएचके के 692 फ्लैट, 55 वर्गमीटर एरिया

बागेश्वरी अपार्टमेंट

1 बीएचके के 412 फ्लैट, 38.25 वर्गमीटर एरिया

2 बीएचके के 380 फ्लैट, 50.10 वर्गमीटर एरिया

नैमिष नगर, वरुण विहार व वेलनेस में भूखंड के दाम भी तय

एलडीए ने आवासीय योजनाओं में शुमार सुल्तानपुर रोड स्थित वेलनेस सिटी, बीकेटी में नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित वरुण विहार योजना में भूखंडों के दाम तय किए हैं। इसमें वेलनेस सिटी में सबसे महंगा 5100 रुपये प्रति वर्गफीट के हिसाब से आवासीय भूखंड मिलेगा। बीकेटी स्थित नैमिष नगर योजना में आवासीय भूखंडों की कीमत 2800 रुपये प्रति वर्गफीट और आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित वरुण विहार योजना में 3200 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से भूखंड लोग खरीद सकेंगे।