बेटी होने के 4 दिन बाद महिला का सुसाइड:हॉस्पिटल के बाथरूम में ग्लूकोज पाइप से लगाई फांसी

# ## Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) प्रयागराज में रविवार को IDBI बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की पत्नी ने हॉस्पिटल में सुसाइड कर लिया। 4 दिन पहले यानी 5 अप्रैल को महिला ने बेटी को जन्म दिया था। रविवार को प्राइवेट रूम के बाथरूम में महिला की लाश लटकी हुई मिली। वारदात के वक्त कमरे में महिला और उसकी 4 दिन की बेटी थी। पति खाना लेने के लिए घर गया हुआ था।

उधर, मृतका नीतू की मां ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी होने पर दामाद ताने मारते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि बेटी होने के शक में दामाद पहले भी उसका तीन बार अबॉर्शन करा चुके थे। उलाहना से तंग आकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली।

कमरा बंद करके बाथरूम में लगाई फांसी
सिविल लाइंस स्थित IDBI बैंक में राहुल यादव असिस्टेंट मैनेजर हैं। वह धूमनगंज थाना क्षेत्र के अंबेडकर विहार स्थित शिवम अपार्टमेंट में पत्नी नीतू यादव और 9 साल के बेटे के साथ रहता था। पत्नी नीतू यादव प्रेग्नेंट थी। 5 अप्रैल को नीतू ने नारायण स्वरूप हॉस्पिटल में ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया। परिवार मूलरुप से कानपुर नगर के बर्रा का रहने वाला है।

डॉक्टर्स के मुताबिक, डिलीवरी के बाद नीतू को प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया था। तब से नीतू यादव उसी वार्ड में थी। उनके पति राहुल घर से खाने-पीने का सामान लाते थे। 9 अप्रैल को सुबह राहुल घर चले गए। अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में नीतू अपनी 4 दिन की बच्ची के साथ थी।

नर्स ने खिड़की से झांक कर देखा तो बेटी बेड पर रो रही थी
जब नर्स दवा देने पहुंची तो देखा कि कमरा अंदर से बंद था। नर्स ने खिड़की से झांक कर देखा तो बच्ची बेड पर पड़ी रो रही थी। नर्स ने डॉक्टर और परिवार को सूचित किया। घरवालों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर नीतू नहीं थी। अनुमान लगाया गया कि बाथरूम में होगी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम के दरवाजे की कुंडी तोड़ी गई। अंदर देखा तो शॉवर की टोटी में ग्लूकोस पाइप के फंदे से नीतू लटकी हुई थी। उसे नीचे उतारा गया। जांच की गई तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के जरिए नीतू के मायके वालों को सूचना दी गई।

दोपहर 3 बजे के करीब मृतका नीतू यादव की मां मुन्नी यादव और परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। वो लोग कल्याणपुर कानपुर नगर में रहते हैं। बेटी की लाश देखकर मां अचेत हो गई। वह रो-रोकर कहने लगी कि 9 साल के बेटे के बाद यह बेटी पैदा हुई थी। उन्होंने दामाद राहुल यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले भी तीन बार बेटी का अबॉर्शन करवा चुके थे। उन्हें आशंका थी कि उसके गर्भ में बेटी है। वह बेटी नहीं पैदा करना चाहते थे।

5 अप्रैल को जब बेटी पैदा हुई, तब से ही वह नीतू को उलाहना दे रहे थे। बेटी ने फोन पर बताया था कि राहुल कह रहे हैं कि रिटायरमेंट के बाद बेटी शादी करने लायक होगी, तो कहां से शादी करेंगे। इसकी वजह से नीतू बहुत परेशान थी।

दो भाइयों में इकलौती बहन थी नीतू
मां ने बताया कि नीतू दो भाइयों के बीच में एकलौती बहन थी। उसे हमने बहुत लाड से पाला था। कभी लड़की होने का एहसास तक नहीं होने दिया। अरे, एक बेटा और एक बेटी तो दुनिया चाहती है। दामाद ने बेटी होने पर नीतू को ताने मार-मारकर 4 दिन से जीना हराम कर रखा था। बेचारी तनाव नहीं झेल पाई। इसलिए जब उसे बाथरूम में कुछ नहीं मिला तो ग्लूकोज की पाइप को फंदा बनाकर लटक गई।

वीडियोग्राफी के बीच 2 डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने 2 डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच नीतू का पोस्टमॉर्टम करवाया। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। मायके पक्ष के लोग आ गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी आ जाएगी। जो भी एप्लिकेशन मिलेगा। उसके अनुसार मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।