नेताओं को लगा आरक्षण का करंट, ब्लाक प्रमुख बनने का देख रहें थे सपना

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज(www.arya-tv.com) ब्लाक प्रमुख के लिए आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होते ही कहीं खुशी तो मायूसी छा गई। कई सीटें आरक्षित होने से दिग्गजों के समीकरण बिगड़ गए हैं। सामान्य सीटों पर लड़ने के लिए कई दावेदारों ने तैयारियां कर रखी थीं, लेकिन सीटें आरक्षित हो जाने के बाद उनको तगड़ा झटका लगा है। इसी प्रकार महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर भी जिताऊ उम्मीदवार की तलाश करना भी चुनौती बन गया है।

विकास खंड करछना में पहली बार ब्लॉक प्रमुख का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है। सपा का गढ़ माने जाने वाले करछना में सभी दल प्रत्याशियों की तलाश में जुट गए हैं। वर्ष 2015 से अब तक सांसद रेवती रमण सिंह के करीबी विजय राज ब्लॉक प्रमुख हैं। हंडिया तथा धनूपुर ब्लॉक का प्रमुख पद वर्ष 2015 में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था।

धनूपुर में सुनील कुमार और हंडिया से सुनीता देवी ब्लॉक प्रमुख के रूप में निर्वाचित हुए थे। अविश्वास प्रस्ताव के बाद एक बड़े नेता के सहयोग से हंडिया से रामफल भारतीया तथा धनूपुर से अमृतलाल ब्लॉक प्रमुख बन गए। इस बार की सूची में हंडिया का प्रमुख पद अनारक्षित तथा धनूपुर का पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित हो गया।