सारस विवाद में नया मोड़ :जाने क्या हुआ आरिफ के साथ

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) रायबरेली से तकरीबन 200 KM की दूरी तय कर 14 जुलाई को आरिफ अपने दोस्त सारस से मिलने कानपुर पहुंचे। जहां कानपुर चिड़ियाघर प्रशासन ने आरिफ से उनके दोस्त सारस को मिलने नहीं दिया। इसके बाद आरिफ का 7.55 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। जिसमें रोते हुए उन्होंने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने बिना सीमा हैदर का नाम लिए कहा कि लोग मोहब्बत में पाकिस्तान से चले आ रहे हैं। मगर हमको सारस से मिलने नहीं दिया जा रहा है। अब घुटन सा फील होने लगी  है।

मेरे आने से जू प्रशासन अलर्ट हो गया है जाएंगे कोर्ट

उन्होंने कहा कि मेरे आने से जू प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन अंदर नहीं जाने दे रहा है। आप देख सकते हैं मेरे दोस्त सारस का क्या हाल हो रहा है। मिलने तक नहीं दिया जा रहा है। 200 KM से मिलने आया था। छुपकर बैठे हैं। कहीं कोई पहचान न ले। कोशिश करते रहेंगे। जब तक जान में जान है। जब तक पैरों में ताकत रहेगी, दोस्त से मिलने के लिए आता रहूंगा। जरूरत पड़ी तो कोर्ट जाएंगे। मिलने के लिए कोर्ट में अर्जी डालेंगे या उसकी आजादी के लिए कोर्ट में जाएंगे। अफसोस कि बिना मिले ही वापस जाना पड़ रहा है। चिड़ियाघर से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। दोबारा मिलने की कोशिश करते रहेंगे।

दरअसल, बुधवार दोपहर को आरिफ रायबरेली से चलकर कानपुर चिड़ियाघर सारस से मिलने पहुंचे थे। कोई पहचान न सके, इसके लिए उन्होंने मुंह पर रुमाल ढका हुआ था। लेकिन जू प्रशासन के अधिकारियों ने पहचान लिया और बाड़े के आसपास सुरक्षा गार्ड की तैनाती कर दी गई। चिड़ियाघर के अंदर बैठकर सारस ने वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने नम आंखों के साथ कहा कि सारस से न मिलने पर अब घुटन होने लगी है। अब मिलने के लिए भले कोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा तो कोर्ट जाऊंगा।

सारस और आरिफ की मुलाकात नहीं हो सकी
सारस के बाड़े के पास पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद रेंजर नावेद इकराम ने उन्हें पहचान लिया। जू प्रशासन के अधिकारियों ने आरिफ से पूछताछ शुरू की। उस वक्त आरिफ के साथ 3 लोग और भी मौजूद थे। जू प्रशासन ने पूछताछ के बाद आरिफ और उनके साथ आए लोगों को बाहर कर दिया। हालांकि इस दौरान सारस और आरिफ की मुलाकात नहीं हो सकी। उनके साथ यू-ट्यूबर शिवानी कुमारी भी मौजूद थीं।

 सारस को चिड़ियाघर में कैद कर रखा गया है
आरिफ ने कहा कि सारस को चिड़ियाघर में कैद कर रखा गया है। वो काफी परेशान है। कहा कि मोहब्बत की सजा उस बेजुबान को दी जा रही है। इससे पहले भी आरिफ सारस से मिलने के लिए चुपचाप चिड़ियाघर पहुंचे थे। आरिफ ने मुलाकात का पूरा वीडियो भी जारी किया था। बताया था कि सारस पहले के मुकाबले काफी दुबला हो गया है। वह अब भी कोशिश कर रहे हैं कि वो जैसे पहले खुले में रहता था। उसे उसी हाल में छोड़ दिया जाए, भले उसे न सौंपा जाए।