पप्पू यादव ​का बयान, नीतीश अच्छे और क्रिमिनल हैं तीनों गृहमंत्री

# ## National

(www.arya-tv.com) 5 महीने बाद जेल से निकले जन अधिकार पार्टी (JAP) सुप्रीमो पप्पू यादव को कांग्रेस पसंद आने लगी है। दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस ही देश को बचा सकती है। उसकी आइडियोलॉजी सबसे बेहतर है।

पप्पू ने कहा कि जेल में उनको प्रताड़ित किया गया। उन्हें किस बात की सजा मिली है, आज तक समझ में नहीं आया। इशारों में ही उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी हमला किया। साथ ही देश के तीनों गृहमंत्री को क्रिमिनल बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अच्छे हैं, लेकिन उनके साथ काम करने वाले लोग ठीक नहीं हैं।

पप्पू ने अपने जेल जाने के बारे में बताया कि जब जेल में थे और DMCH में इलाज करा रहे थे तो पूरी तरह से परेशान हो गए थे। प्रताड़ित हो गए थे। उन्होंने बताया कि उनकी जगह कोई दूसरा रहता तो पागल हो जाता। हॉस्पिटल इलाज कराने लायक नहीं था। बड़े-बड़े चूहे थे, सांप थे और चारों तरफ पानी था। पप्पू यादव ने बताया कि सिर्फ उनको प्रताड़ित करने के लिए ही जेल में डाला गया था।

‘कांग्रेस की आइडियोलॉजी सबसे बेहतर’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही देश को अभी बचा सकती है। उसकी आइडियोलॉजी सबसे बेहतर है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस में जा रहे हैं या फिर राहुल गांधी से मिल रहे हैं तो पप्पू ने साफ कहा कि उनको कांग्रेस में नहीं जाना है। वह अक्सर कांग्रेस के संपर्क में रहते हैं। राहुल गांधी से उनको मिलना है।

‘पता नहीं नीतीश किस मजबूरी में BJP के साथ हैं’
पप्पू यादव ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छे हैं। वह जाति-धर्म से ऊपर काम करते हैं, लेकिन उसके आसपास रहने वाले लोग चौकड़ी हैं। पता नहीं किस मजबूरी में वह BJP के साथ हैं। हालांकि, लालू यादव भी BJP के साथ रहे हैं। इससे पहले BP सिंह भी BJP के साथ मिलकर सरकार बना चुके हैं। यहां तक कि महबूबा मुफ्ती ने भी BJP के साथ सरकार बनायी है। यह नीतीश जी की मजबूरी होगी, लेकिन नीतीश जी अच्छे व्यक्ति हैं।

‘जाप को बहुत काम करना है अभी’
पप्पू यादव ने लखीमपुर खीरी को लेकर कहा कि वहां किसानों को मारा जा रहा है। तीनों गृहमंत्री क्रिमिनल हैं। एक तो आसपास के हैं। पप्पू यादव ने नित्यानंद राय का नाम लिए बिना कहा कि हाजीपुर में चले जाइए, उनके ऊपर कई केस दर्ज हैं। अमित शाह तड़ीपार हो चुके हैं। ऐसे लोग यदि देश के शीर्ष स्थान पर बैठेंगे तो इसी तरह से अराजकता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि अभी भी वह संघर्ष करते रहेंगे। लोगों के लिए काम करते रहेंगे। सेवा करते रहेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी ‘जाप’ का विलय कांग्रेस में होगा तो उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा कि जाप को बहुत काम करना है।