सीमा को पाकिस्तान भेजो, वरना 26/11 जैसा हमला होगा:मुंबई पुलिस को कॉल आया

# ## National

(www.arya-tv.com) मुंबई पुलिस को बुधवार को 26/11 जैसा आतंकी हमला करने की धमकी दी गई है। कंट्रोल रूम में फोन करके एक व्यक्ति ने कहा कि अगर सीमा हैदर वापस नहीं आईं तो भारत बर्बाद हो जाएगा। 26/11 जैसा हमला दोबारा होगा। जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

इससे पहले 11 जुलाई को बलूचिस्तान से आतंकी संगठन ने एक वीडियो जारी करके भारत को धमकी दी थी। एक हथियारबंद आतंकी सीमा हैदर को पाकिस्तान वापस भेजने की बात कह रहा था। आतंकी धमकी देता है कि अगर सीमा और उसके चार बच्चों को पाकिस्तान को नहीं सौंपा गया तो इसका अंजाम पाकिस्तान में मौजूद हिंदुओं और दूसरे गैर मुस्लिमों को भुगतना होगा।

इधर, सीमा का दावा है कि पबजी गेम के जरिए उसका संपर्क नोएडा में रहने वाले सचिन से हुआ। दोनों में प्यार हुआ। इसके बाद सीमा चार बच्चों को लेकर नेपाल पहुंची। वहां से बस के जरिए भारत आई और नोएडा में सचिन से शादी के बाद वहां 50 दिन रही। राज खुला तो सीमा और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, दोनों जमानत पर हैं।

आतंकी संगठन की धमकी- सीमा PAK नहीं लौटी तो हिंदुओं को नहीं छोड़ेंगे
बलूचिस्तान से एक आतंकी संगठन ने वीडियो जारी किया। यह वीडियो करीब 50 सेकेंड का है। इस वीडियो में चार से पांच नकाबपोश दिख रहे हैं। सभी के हाथों में राइफल नजर आती हैं। बीच में बैठा एक शख्स कहता है- हमारे जखरानी कबीले की एक लड़की पाकिस्तान से दिल्ली गई है। ये बात समझ लो कि अगर तुमने हमारी लड़की वापस नहीं की तो जहां-जहां हिंदू या दूसरे मजहबों के लोग मौजूद हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। इज्जत प्यारी है तो वो लड़की (सीमा हैदर) और उसके बच्चे वापस कर दो। हम बलोच कौम हैं, तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। पाकिस्तान कौम जिंदाबाद, बलोच कौम जिंदाबाद।

सीमा हैदर का मामला क्या है?

  • सीमा गुलाम हैदर और उसके प्रेमी सचिन को पिछले हफ्ते नोएडा जेल से रिहा किया गया था। जांच एजेंसियों के सामने सवाल ये है कि सीमा क्या सिर्फ सचिन के प्यार में पाकिस्तान से नोएडा पहुंची? इसमें कोई लव ट्रैप एंगल है? या फिर वह कोई देश विरोधी गतिविधि में शामिल है?
  • गिरफ्तारी से पहले सीमा और सचिन 50 दिन एक साथ नोएडा में रहे। इस दौरान दोनों ने क्या किया? कहां गए? इसकी भी जांच हो रही है। सीमा ने अब तक ज्यादातर बातों को प्रूफ करने के लिए सबूत भी दिए हैं।
  • सीमा का दावा है कि वो PUBG से संपर्क में आए सचिन से शादी करने के लिए भारत आई थी। सीमा ने सचिन के साथ नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी की, फिर भारत आई। अब उसने हिंदू धर्म भी अपना लिया है। सीमा का कहना है कि पाकिस्तान लौटने के बजाय वो मरना पसंद करेगी।
  • नोएडा पुलिस के मुताबिक सीमा की शादी फरवरी 2014 में सिंध के ही गुलाम हैदर जखरानी से हुई। चार बच्चे हुए। पति कराची में टाइल्स लगाने का काम करता था। 2019 में गुलाम काम की तलाश में सऊदी अरब चला गया। इसी दौरान सीमा की पहचान पबजी गेम खेलते समय ग्रेटर नोएडा के सचिन से हुई।
  • दोनों ने नेपाल में मिलने का प्लान बनाया। काठमांडू के एक होटल में दोनों 7 दिन रहे। फिर सीमा वापस पाकिस्तान चली गई।
  • इसके बाद सीमा ने ट्रैवल एजेंट की मदद से टूरिस्ट वीजा लिया और 4 बच्चों के साथ नेपाल पहुंची। वहां से बस से दिल्ली और फिर सचिन के पास नोएडा पहुंची। जांच में यह भी पता चला कि सीमा और सचिन दोनों ने मिलकर भारत पहुंचने का रास्ता खोजा। इसके लिए उन्होंने यूट्यूब पर काफी वीडियो देखे।