जोन-8 के इब्राहीमपुर वार्ड में ओटीएस शिविर, 50 कर मामलों के निस्तारण की कार्रवाई शुरू

Lucknow

लखनऊ। नगर निगम जोन-8 के इब्राहीमपुर वार्ड-2 में जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह और कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी के नेतृत्व में ओटीएस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संपत्ति कर से संबंधित करीब 50 मामले सामने आए, जिनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिविर में पहुंचे भवन स्वामियों ने कर निर्धारण एवं कर संबंधी अन्य आपत्तियों के संबंध में जानकारी देकर अपना सुधार कराने की प्रक्रिया पूरी कराई।

  • आपत्तियों का किया जा रहा निस्तारण

जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने कहा कि जोन-8 में करदाताओं की सुविधा के लिए लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत कर संबंधी आपत्तियों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी ने बताया कि ओटीएस योजना के माध्यम से करदाताओं को अपनी कर संबंधी आपत्तियों एवं त्रुटियों का समाधान कराने का अवसर मिल रहा है। शिविर में प्राप्त मामलों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ओटीएस का लाभ उठाकर अपने कर संबंधी मामलों का समय से समाधान कराएं।