पोर्टलैंड में प्रदर्शनकारी और ट्रम्प समर्थक आमने-सामने आए, गोली लगने से एक की मौत

International
  • शनिवार रात से रविवार तक गोली लगने से तीन राज्यों में 11 लोग घायल, 2 की मौत
  • ट्रम्प के समर्थकों और ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ के प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगहों पर झड़प

(www.arya-tv.com)  अमेरिका में शनिवार रात से लेकर रविवार तक तीन राज्यों में 11 लोगों को गोली मारी गई। इसमें दो की जान चली गई। गोलीबारी की पहली घटना ओरेगन राज्य के पोर्टलैंड में हुई। यहां पर अश्वेत की मौत के बाद से प्रदर्शनकारियों का ट्रम्प समर्थकों से आमना-सामना होने के बाद दोनों गुटों में हिंसक झड़प हुई। इसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। मरने वाला ट्रम्प समर्थक और राइट विंग का सदस्य बताया जा रहा है। शूटिंग की दूसरी घटनाएं मिसौरी और शिकागो में हुईं, लेकिन उनका प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है।

अमेरिका में काफी समय से ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ के प्रदर्शन हो रहे हैं। पोर्टलैंड में यह प्रदर्शन तब बढ़ गए, जब पुलिस ने जबरन इन्हें खत्म करने की कोशिश की। शनिवार को ट्रम्प समर्थक करीब 600 वाहनों से चुनावी रैली करते हुए गुजरे थे। इस दौरान कई जगहों पर उनकी प्रदर्शनकारियों से झड़प भी हुई थी। रविवार रात को गोली लगने से एक की मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

सीएनएन की खबर के मुताबिक, उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि अभी इस बात के पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं कि गोली मारने के पीछे की वजह यह झड़प थी।