‘न अच्छे पति बन सके, न ही पिता…’ नोएडा में लोकसभा सचिवालय के निदेशक ने की आत्महत्या, सुसाइड से पहले 15 पन्नों में लिख गए दर्द

# ## UP

उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में लोकसभा सचिवालय में निदेशक पद पर कार्यरत एक अधिकारी ने सुसाइड कर लिया. अधिकारी का नाम गौरव गौतम (40 वर्षीय) है. उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला. घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब उनकी पत्नी मायके से वापस घर लौटीं. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और मोबाइल फोन का जवाब नहीं मिलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. सूचना मिलने पर थाना फेस-2 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटना के समय गौरव गौतम घर में अकेले थे. उनकी पत्नी किसी काम से मायके गई हुई थीं. वापस लौटने पर उन्होंने कई बार फ्लैट की डोरबेल बजाई और फोन भी किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड की मदद ली.गार्ड की सहायता से फ्लैट का दरवाजा खोला गया तो गौरव गौतम कमरे में पंखे से लटके मिले. यह दृश्य देखकर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मिला 15 पन्नों का सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने फ्लैट की बारीकी से तलाशी ली, जिसमें 15 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. नोट में गौरव गौतम ने अपनी मौत के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है.

सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि लगातार बढ़ते खर्च और आर्थिक दबाव के चलते उन पर करीब 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था. इस भारी आर्थिक बोझ के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया. सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा कि वह अच्छे पति और अच्छे पिता नहीं बन सके. इस चीज का उनको हमेशा मलाल रहेगा. उनका इकलौता बेटा है जोकि 8 साल का है.

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस सुसाइड नोट की सामग्री की विस्तार से जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक पर इतना बड़ा कर्ज किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

जांच अधिकारी मृतक के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ कर रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

थाना फेस-2 प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. घटनास्थल से 15 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और लगभग 70 लाख रुपये के कर्ज का जिक्र किया गया है.

उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है.