नई पहल : अब एक क्लिक पर होगा जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्रों का सत्यापन

# ## National

 शहर में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े को जड़ से मिटाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। निगम प्रशासन ने एक अत्याधुनिक डिजिटल सत्यापन प्रणाली को अमलीजामा पहनाया है, जिसके जरिए अब किसी भी प्रमाण पत्र की सत्यता की जांच एक क्लिक पर ऑनलाइन की जा सकेगी।

नगर निगम पिछले एक साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था। डेटा को व्यवस्थित करने और तकनीकी बुनियादी ढांचे में सुधार के बाद अब इसे आधिकारिक तौर पर लागू कर दिया गया है। नई प्रणाली के सक्रिय होते ही हर महीने करीब 500 से 600 आवेदन सत्यापन के लिए पहुंच रहे हैं। पहले जहां भौतिक जांच की प्रक्रिया बेहद धीमी थी। गड़बड़ी की आशंका बनी रहती थी, वहीं, अब डिजिटल माध्यम से यह कार्य न केवल तेज हुआ है, बल्कि इसकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता भी कई गुना बढ़ गई है।नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि इस डिजिटल बदलाव का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरल और सुगम सेवाएं प्रदान करना है। इससे न केवल फर्जी प्रमाण पत्रों पर लगाम लगेगी, बल्कि सरकारी योजनाओं के तहत सही लाभार्थियों की पहचान करना भी आसान हो जाएगा। आमजन को सत्यापन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।