राष्ट्र का भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास में निहित: सरित जफा

Lucknow

(www.arya-tv.com)लखनऊ। प्रत्येक राष्ट्र की तरक्की का आधार उसकी युवा पीढ़ी होती है। राष्ट्र का भविष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास में निहित है, क्योंकि युवा ही राष्ट्र निर्माण में सर्वोच्च भूमिका निभाते हैं। युवाओं में ही राष्ट्र के लिए कुछ नया कर गुजरने की इच्छा होती है। इन्हीं सपनों और लक्ष्यों को पूरा करने के लिए युवाओं का शिक्षित होना आवश्यक है। विद्या भारती भी ऐसी ही युवा पीढ़ी का निर्माण करने का कार्य कर रही है। उक्त उद्गार मुख्य अतिथि वीर चक्र, वायु सेना मेडल व समाज रत्न विंग कमांडर धीरेन्द्र सिंह जफा के पुत्र भारत के उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक सरित जफा ने आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित राष्ट्रहित सर्वोपरि कार्यक्रम के 28वें अंक में व्यक्त किए। यह कार्यक्रम सरस्वती कुंज, निराला नगर के प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) उच्च तकनीकी (डिजिटल) सूचना संवाद केन्द्र में विद्या भारती, एकल अभियान, इतिहास संकलन समिति अवध, पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं विश्व संवाद केन्द्र अवध के संयुक्त अभियान में चल रहा है।

मुख्य वक्ता अति विशिष्ट सेवा मेडल व परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट दुष्यन्त सिंह ने अपनी शौर्य का जिक्र करते हुए युवाओं को प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमें अपने इतिहास, परम्परा और संस्कृति पर हमेशा गर्व करना चाहिए। कई देशों से आक्रमणकारी आए और हमारे देश और संस्कृति पर कब्जा करने की कोशिश की, लेकिन वह असफल हुए। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने कहा था कि हमारा देश आजादी के बाद बिखर जाएगा, लेकिन उनको नहीं पता था कि हमारा देश निखर जाएगा। आज हम दुनिया के शक्तिशाली
देशों में शामिल हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि आजादी बड़े ही संघर्षों के बाद मिली है, इसके लिए लाखों स्वतन्त्रता सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। इसके साथ ही अजादी को अक्षुण्य बनाए सीमा पर तैनात हमारे सैनिक अपना सर्वस्व न्यौछावर कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्याभारती पूर्वी के प्रमुख सौरभ मिश्रा,भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश शोध प्रमुख अभय सिंह, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के बालिका शिक्षा प्रमुख उमाशंकर मिश्रा, सह प्रचार प्रमुख भास्कर दूबे, भाजपा विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह, कर्नल जीतेन्द्र कुमार चैरसिया व उनकी पत्नी लबीना चैरसिया समेत सरस्वती विद्या मंदिर सेक्टर क्यू अलीगंज लखनऊ के छात्र-छात्राएं सहित कई लोग मौजूद रहे।