- गृहकर जमा करने के लिए नगर निगम की जागरूकता रैली, 31 मार्च अंतिम तिथि
लखनऊ। नगर निगम ने गृहकर जमा करने के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जोन-3 क्षेत्र में बाइक और वाहन रैली निकालकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। रैली का नेतृत्व जोनल अधिकारी मनोज यादव ने किया।
जागरूकता रैली अलीगंज, महाकवि जयशंकर प्रसाद, भारतेन्दु हरिश्चन्द्र, लाला लाजपत राय, महानगर, विवेकानन्दपुरी तथा डालीगंज निराला नगर वार्डों से होकर गुजरी। इस दौरान नगरवासियों को गृहकर समय से जमा करने के महत्व की जानकारी दी गई और निर्धारित समय सीमा के भीतर कर भुगतान करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गृहकर जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित है। नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम के कार्यालय अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे, जहां गृहकर जमा किया जा सकेगा। साथ ही जीआईएस सर्वे के अंतर्गत भवन स्वामियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों का भी निस्तारण किया जाएगा।
रैली में राजस्व निरीक्षक अमित शंकर, राहुल यादव, वीरेन्द्र कुमार, विशाल श्रीवास्तव, उदय त्रिपाठी, मोहज्जिब और शिब्ते रजा सहित नगर निगम की टीमें शामिल रहीं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की लखनऊ स्वच्छता अभियान टीम भी छह वाहनों, 296 कर्मचारियों और 19 बाइकों के साथ अभियान में सहभागी बनी।
नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे समय से गृहकर जमा कर नगर के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
