सांसद के बेटे की लग्जरी कार ने बेटी को कुचला:मां की करुण गुहार सुन MP ने क्या कहा

# ## National

हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल के लाइफस्टाइल कपड़ों के स्टोर में काम करने वाली 26 साल की भारती मुखी की 16 अगस्त को माधापुर में अपने काम की जगह के पास सड़क पार करते समय एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से मौत हो गई। साइबराबाद पुलिस ने राज्यसभा सांसद के बेटे लिंगमनेनी संजूश की पहचान ड्राइवर के तौर पर की। हालांकि संजूश को गिरफ्तार नहीं किया गया है। असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सीएच श्रीधर ने कहा कि आरोपी को नोटिस भेजा गया है और कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है क्योंकि यह अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सात साल से कम की सजा का प्रावधान है।

यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही या जल्दबाजी में किए गए ऐसे काम से मौत होने से संबंधित है जो गैर-इरादतन हत्या (culpable homicide) की श्रेणी में नहीं आता।

मृतका की मां ने रोते हुए क्या कहा?

मृतका की मां आनंदिनी मुखी कहती हैं, “मैंने बहुत मुश्किलों से अपनी बेटी को पाला-पोसा और उसकी पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखा। वह बड़ी हुई और कॉलेज गई; मैंने उसके डिप्लोमा कोर्स में भी उसकी मदद की… मैंने उसका B.Tech प्रोग्राम में भी एडमिशन कराया था। जब कोविड लॉकडाउन लगा, तो वह अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाई और कुछ समय के लिए घर पर ही रही। आखिरकार, उसे नौकरी का मौका मिला… और वह नौकरी करने के लिए घर से चली गई। वह अच्छा काम कर रही थी; वह पिछले 4-5 सालों से हैदराबाद में काम कर रही थी। वह आती-जाती रहती थी और घर पैसे भी भेजती थी… हम सब उस पर निर्भर थे।

बेटी की मौत से सदमे में है मां

मां ने आगे बताया,  वह काम पर थी और लंच के लिए बाहर गई। किसी तरह, जब वह मेन रोड पर थी, तो एक गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। उसकी वहीं मौत हो गई। मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि यह सब कैसे हुआ। किसी लड़की ने मुझे फोन करके उसके एक्सीडेंट के बारे में बताया और कहा कि वह कुछ बोल नहीं रही है और उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, लेकिन वे किसी को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं… दोनों तरफ से फोन आने लगे… मेरी बेटी अभी बहुत छोटी थी। वह इतनी जल्दी कैसे चली गई?”

पुलिस ने सांसद के बेटे को दे दी जमानत

माधापुर पुलिस ने जनसेना पार्टी के सांसद लिंगमनेनी रमेश के बेटे लिंगमनेनी संजूश को 35(3) BNSS का नोटिस भेजा है। यह मामला माधापुर पुलिस स्टेशन इलाके में एस्टन मार्टिन कार दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें एक 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, “जांच के तहत, हमने दुर्घटना के सिलसिले में लिंगमनेनी संजूश को 35(3) BNSS का नोटिस दिया है और उन्हें स्टेशन से ही ज़मानत (स्टेशन बेल) दे दी है।”

तेज़ रफ़्तार एस्टन मार्टिन कार से टक्कर लगने के कारण हुई महिला की मौत के मामले में, साइबराबाद पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमने उसी दिन आरोपी को हिरासत में लिया, ब्रेथलाइज़र टेस्ट और ड्रग टेस्ट किया; उसके टेस्ट के नतीजे नेगेटिव आए। उसके सैंपल का एक और सेट लिया गया और FSL भेजा गया।”

सांसद ने बेटे का किया बचाव

राज्यसभा सदस्य लिंगमनेनी रमेश ने अपने बेटे का बचाव किया और कहा कि 21 साल के उनके बेटे ने बिना देर किए पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया, खुद पुलिस को हादसे की जानकारी दी और जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश से जन सेना पार्टी के सांसद ने कहा, “यह बहुत दुखद और दिल तोड़ने वाली घटना है कि 16 अगस्त को हैदराबाद में सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवा महिला की मौत हो गई। उन्होंने कहा, “हम पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देंगे।”

सांसद ने अपील की कि जांच पूरी होने से पहले मामले पर कोई राय न बनाई जाए। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि हालात के बारे में कोई अंदाज़ा न लगाएं या पहले से कोई राय न बनाएं।”
उन्होंने माना कि हादसे के समय उनका बेटा ही एस्टन मार्टिन कार चला रहा था। रमेश ने कहा, “हादसे के तुरंत बाद, मेरे बेटे ने बिना किसी देरी के युवा महिला को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसने पुलिस अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी और सभी ज़रूरी जानकारी उपलब्ध कराई।”