क्षेत्र में तेंदुए का खौफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार की देर शाम सुरजननगर बीट के मंडियो पानूवाला गांव में तेंदुआ एक घर में घुस गया और बकरी को निवाला बना डाला। जिससे गांव में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब जंगल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आबादी के बीच बेखौफ घूम रहा है, जबकि वन विभाग हर बार केवल औपचारिक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है। मंडियो पानूवाला निवासी इरफान के घर में घुसे तेंदुए ने बकरी पर हमला कर उसे मार डाला। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। सूचना मिलने पर वन दरोगा पीयूष जोशी, वन रक्षक कल्पना रानी तथा बीट प्रभारी मदन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तेंदुए के स्पष्ट पगचिह्न मिले। इसके बाद पहले से लगाए गए पिंजरे को हटाकर घटना स्थल के समीप लगाया गया।
