मुरादाबाद, । जिले में ट्रैफिक पुलिस शनिवार से सोमवार दोपहर तक लगातार ड्यूटी पर रहेगी। जिले को चार सेक्टर और 65 हिस्सों में बांटा गया है। हर जोन में यातायात पुलिस के जवान हाईवे, चौराहे और अन्य मुख्य प्वाइंटों पर तैनात किए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने शुक्रवार को बताया कि सुबह से नगर निगम की ओर से लगाए गए ध्वनि यंत्रों के माध्यम से दिल्ली रोड पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी जा रही है। सड़कों पर प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर लगाए जाएंगे जिससे वाहन चालकों और आम जनता को रूट डायवर्जन के बारे में सूचना दी जाएगी। यातायात नियमों का पालन करें। कावड़ यात्रा के लिए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर 22 और 23 अगस्त को विशेष निर्देश जारी किया है। फव्वारा चौराहा से अगवानपुर तक और रेलवे स्टेशन रोड पर और फव्वारा चौराहा से जीरो प्वाइंट पाकबड़ा तक ऑटो, ई-ऑटो व ई-रिक्शा को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। केवल कावड़ श्रद्धालु वाहनों को ही अनुमति रहेगी। अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दिल्ली, मेरठ, बरेली तथा लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहन गागन तिराहा से मैनाठेर, सिरसी, संभल होते हुए गंगा रोड और खिरनी कट मार्ग द्वारा गंगा एक्सप्रेस वे तक के डायवर्जन रूट का उपयोग करें।
