(www.arya-tv.com) अयोध्या में शनिवार शाम मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद रविवार को एक फिर उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। इससे लोग परेशान नजर आ रहे है। वहीं सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। बादलों के बीच से निकली हल्की धूप गर्मी में और इजाफा कर रही है। शनिवार को हुई बारिश में राम नगरी जलमग्न नजर आई।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार अयोध्या में मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार को झमाझम बारिश हुई। अयोध्या में 44.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान
अब उमस भरी गर्मी से लोग परेशान है। चिपचिपी गर्मी से लोग बेबस नजर आ रहे है। हालांकि तापमान में इजाफा नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने के अनुमान है।
एक दिन की बारिश में अयोध्या जलमग्न
शनिवार देर शाम हुई बारिश ने राम नगरी की अधिकांश कालोनियों को जलमग्न कर दिया। वहीं मानसून की पहली बारिश ने अयोध्या नगर निगम और जिला प्रशासन की तैयारियों की भी पोल खोल दी। क्योंकि बारिश के बाद देर रात के कई कालोनियों में बारिश का पानी सड़कों पर भरा रहा। इस दौरान लोग परेशान दिखाई दिए। इसमें लाल बाग, राम नगर, सुभाषनगर समेत अनेक कालोनियां में देर रात तक सड़कों पर बारिश का पानी भरा रहा है।
अयोध्या फैजाबाद का सीधा सम्पर्क भी बाधित हो गया
बारिश का सबसे अधिक असर निर्माणाधीन राम पथ पर दिखाई दिया। गुदड़ी बाजार चौराहे के आगे खवासपुरा के निकट नाला भर जाने के चलते जेसीबी से पूरी सड़क काटनी पड़ी है। नगर निगम के कर्मचारी नाला सफाई के लिए लगाए गए हैं। सड़क काटने के कारण अयोध्या फैजाबाद का सीधा सम्पर्क भी बाधित हो था।
खवासपुरा के निकट बना बड़ा नाला उफनाने और सीवर लाइन के लिए हुई खुदाई का पानी ओवरफ्लो हो गया। नतीजा आसपास के घरों में पानी जाने लगा। इसे लेकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक पूरा पानी उफना कर चौतरफा फैलने लगा। लोगों के अनुसार आनन-फानन में राम पथ का निर्माण कर रही एजेंसी के लोगों ने जेसीबी से सड़क काटनी शुरू कर दी। एक छोर से दूसरे छोर तक सड़क को काट दिया गया है। सड़क काटे जाने के बाद नगर निगम के सफाई कर्मियों द्वारा सफाई का काम शुरू कराया गया है।