विनय श्रीवास्तव की हत्या पर मंत्री कौशल किशोर का बयान, बोले- घटना के समय बेटा आशू घर पर नहीं था

Lucknow

(www.arya-tv.com) केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित घर पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव कौशल किशोर के बेटे के साथ रहता था। जिस समय वारदात हुई, उस समय घर पर अन्य लोग भी मौजूद थे। मरने वाला विनय श्रीवास्तव भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास उर्फ आशू का दोस्त है। वहीं, मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि घटना के समय बेटा आशू घर पर नहीं था। घर पर उसकी पिस्टल थी।

डीसीपी ने बताया कि रात में घर पर छह लोग आए थे। देर रात तक खाना-पीना हुआ और उसके बाद वारदात हुई। युवक के सिर में चोट के निशान मिले हैं। पिस्टल विकास किशोर की बताई जा रही है। हत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही है। विकास किशोर पिता कौशल किशोर से अलग दुबग्गा स्थित घर में रहता था। घटना की जानकारी होते ही मंत्री कौशल किशोर मौके पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि घटना के समय बेटा नहीं था। जब उनसे मीडिया ने पूछा कि घर में कौन-कौन था तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता। बेटा कल दिल्ली चल गया था। वो फ्लाइट से आ रहा है। वहीं, मीडिया ने जब कहा कि विनय आप लोगों के साथ कब से था तो उन्होंने कहा कि 2017 विधानसभा चुनाव से साथ रह रहा था।

भाजपा सांसद ने बेटे की पिस्टल से गोली चलने के सवाल पर कहा कि ये जांच का विषय है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। हम मृतक के परिजनों के साथ हैं। जैसे ही मुझे घटना की जानकारी हुई तो हमने तुरंत कमिश्नर को इसकी सूचना दी।