(www.arya-tv.com) मेरठ के हस्तिनापुर में गंगा उफान पर है। 15 से ज्यादा गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। 6 से अधिक गांव ऐसे हैं जहां पिछले 20 दिनों से पानी नहीं उतरा। खादर क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों से संपर्क टूट चुका है। इस बीच यहां से बाढ़ के 2 वीडियो सामने आए हैं। एक में, 2 मंजिला मकान पलक झपकते ही गंगा में समा गया। जबकि दूसरे में, 200 साल पुराना बरगद का पेड़ भी जड़ सहित उखड़कर गंगा में बह गया।
10 सेकेंड में बह गया 2 मंजिला मकान
गंगा का जलस्तर बढ़ने से किनारों पर तेजी से कटान जारी है। इसी कटान में किनारे पर बना एक मकान महज 10 सेकेंड में देखते-देखते बाढ़ में समा गया। इस दौरान यहां मौजूद कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
200 साल पुराना बरगद का पेड़ बहा ले गई गंगा
एक वीडियो में 200 साल पुराना बरगद का पेड़ देखते-देखते बाढ़ में बह गया। गंगा की तेज धारा 200 साल पुराने गहरे जमे पेड़ को जड़ सहित पूरा बहा ले गई। गनीमत रही कोई जान, माल की हानि नहीं हुई। लेकिन गांव के कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया।
चारे, रोटी का खड़ा हुआ संकट
वहीं, गांवों में पशुओं के चारे और पानी की दिक्कत हो रही है। रोजमर्रा की जरूरी चीजों की दिक्कत है। लोग घरों में छतों पर कैद हो गए हैं। गांवों में नावें चल रही हैं। खेत में फसलें बर्बाद हो गई हैं। दर्जन भर गांवों से संपर्क कट गया है और केवल नाव ही लोगों का सहारा है। नदी का पानी लोगों के घरों तक पहुंच चुका है। प्रशासनिक टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क बनाए है।