लखनऊ। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर भारतीय क्षत्रिय समाज द्वारा हुसैनगंज चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पर भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षिक क्षेत्रों की अनेक हस्तियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
- हर जिले में लगेंगी महाराणा प्रताप की प्रतिमाएं: जयवीर सिंह
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार महाराणा प्रताप की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में उनकी प्रतिमाएं स्थापित कराने, स्मारकों और संग्रहालयों के निर्माण की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के जीवन आदर्श नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग और स्वाभिमान की प्रेरणा देते रहेंगे।
- समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा भारतीय क्षत्रिय समाज
भारतीय क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अनिल सिंह गहलोत ने कहा कि महाराणा प्रताप की जयंती केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का पर्व है। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समाज में समरसता और जागरूकता के लिए संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी।
- सरोजनीनगर में साकार हो रहे महाराणा प्रताप के आदर्श
भारतीय क्षत्रिय समाज के संरक्षक एवं सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से सरोजनीनगर में साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 162 से अधिक सिलाई केंद्र, बेटियों की शिक्षा के लिए 36 से अधिक डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं के लिए डिजिटल सशक्तिकरण केंद्र तथा 1500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट और साइकिल वितरित किए जा चुके हैं।
- युवाओं से नशामुक्ति और सिविल सेवा की तैयारी का आह्वान
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी प्रकाश सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सामान्य नौकरियों के बजाय सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी कर देश और समाज की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
- विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, अशोक सिंह, मनोज सिंह, प्रदीप सिंह ‘बब्बू’, कर्नल आर.पी. सिंह, मेजर ए.के. सिंह, डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, डॉ. मुन्ना सिंह, वी.पी. सिंह, छेदी सिंह, एडवोकेट अरविंद सिंह, डॉ. सुलोचना मौर्य, संयोगिता सिंह, डॉ. निरुपमा सिंह, प्रो. मीनाक्षी सिंह, रितेश सिंह चौहान और कीर्तिवर्धन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम देशभक्ति, सामाजिक एकता और प्रेरणादायी विचारों के साथ संपन्न हुआ।
