मुंबई। महाराष्ट्र में बारिश आफत बन गई है। एक तरफ जहां देश के कई इलाके सूखे की मार झेल रहे हैं वहीं महाराष्ट्र में बारिश ने अब तक 40 से ज्यादा लोगोें की जान ले ली है।
बुधवार को एक और मामला सामने आया हैै। रत्नागिरी में स्थित तवरे डैम टूट गया है। डैम के नीचे बसे 7 गांवों में बाढ़ के हालात हैं। बहुत ज्यादा पानी आ जाने की वजह से कई लोग बह गए। अभी तक इस हादसे में 6 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 17 लोग अभी भी लापता हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। NDRF की टीम लगातार राहत कार्य चला रही है।
मुंबई-पुणे में बारिश का कहर, एक रात में 21 की मौत
मुंबई में बारिश का कहर इस कदर है कि पिछले मंगलवार को ही तीन अलग अलग हादसों में कुल 21 लोगों की मौत हो गई थी । मंगलवार रात तीन जगह दीवारें गिरी। इन तीनों घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है। दीवार गिरने की घटना मलाड ईस्ट, कल्याण और पुणे में हुई है। मलाड ईस्ट में 12 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कल्याण में 3 लोग दीवार की चपेट में आकर मारे गए हैं, जबकि पुणे में सिंहगढ़ कॉलेज की दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हुई है। ये घटनाएं आधी रात के आस-पास की हैं।