कुकी समुदाय के हमले में 15 लोग घायल:वेस्ट इंफाल के दो गांवों पर रात में किया था अटैक

# ## National

(www.arya-tv.com) मणिपुर के वेस्ट इंफाल जिले के दो गांवों पर शुक्रवार रात को कुकी समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में 15 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, कुकी समुदाय के लोगों ने मॉर्डन हथियारों और बमों के साथ अटैक किया।

उधर, विष्णुपुर जिले के पोंबिखोक से भी हिंसा की जानकारी मिली है। हालांकि, यहां किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और मणिपुर राइफल्स ने भगाया
कुकी समुदाय के लोगों ने फायेंग और कांगचुप चिंगखोंग गांव पर हमला किया। इस दौरान वहां तैनात पुलिस और मणिपुर राइफल्स ने हमले का जवाब दिया। 4 घंटे से ज्यादा समय तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही, जिसके बाद कुकी समुदाय के लोग नजदीकी पहाड़ियों में भाग गए। घायलों को इंफाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस और राज मेडिसिटी में भर्ती करवाया गया है। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

काकचिंग जिले से 7 शव बरामद
मणिपुर पुलिस, बीएसएफ और असम राइफल्स ने एक संयुक्त ऑपरेशन में काकचिंग जिले के सेरौ और सुगनू इलाके से 7 शव बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों की मौत 28 मई को हुई हिंसक झड़प में हुई थी।

राज्य में अब तक पुलिस ने 40 लोगों का एनकाउंटर भी किया है। CM एन बीरेन सिंह ने एनकाउंटर में मारे गए लोगों को ‘मिलिटेंट’ बताया है। CM ने कहा- ये लोग आम नागरिकों के खिलाफ एम-16, एके-47 असॉल्ट राइफलों और स्नाइपर गन का इस्तेमाल कर रहे हैं।