(www.arya-tv.com)अभिनेता रजत बेदी की कार की टक्कर से हुए सड़क हादसे में घायल हुए शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने रजत के खिलाफ दर्ज FIR में IPC की धारा 304-A (लापरवाही से मौत) को जोड़ा है। रजत बेदी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। रजत घायल व्यक्ति को पास के कूपर अस्पताल ले गया और फिर डी एन नगर पुलिस स्टेशन गया जहां उसने घटना की जानकारी ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी को दी थी।
पिछले दो दिनों से इलाज चल रहा था
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार शाम अंधेरी के एक मंदिर के पास हुई थी। पैदल यात्री नशे की हालत में था वह अचानक सड़क के बीच में आ गया और रजत के ब्रेक लगाने से पहले ही उसकी कार से टकरा गया था। मजदूर राजेश बौद्ध को कूपर अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया जहां उसका पिछले दो दिनों से इलाज चल रहा था। रजत ने घायल हुए शख्स के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही थी।
पुलिस ने रजत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (रश ड्राइविंग) और 338 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया था।
रजत बेदी का फिल्मी करियर
रजत बेदी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1998 में हिंदी फिल्म ‘2001’ से की थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में जैकी श्रॉफ, डिम्पल कपाडिया और तब्बू थीं। रजत बेदी ने हिंदी सिनेमा बतौर अभिनेता नहीं बल्कि एक खलनायक के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जिसे दर्शकों और आलोचकों द्वारा भी काफी सराहा गया।
रजत इसके अलावा फिल्म ‘कोई मिल गया’, ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों का हिस्सा भी रह चुके हैं। हालांकि, पिछले कई दिनों से वे फिल्मों से दूर हैं। रजत बेदी फिलहाल वे विदेश में अपना बिजनेस करते हैं।