बदायूं में प्रेमिका के घर पहुंचे युवक की गोली लगने से मौत; परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एकतरफा प्यार में एक युवक ने लड़की के घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कठौली गांव की है। दोनों अलग अलग समुदाय के हैं। इसलिए गांव में तनाव भी है। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

विवाद के बाद चली गोली, लोग पहुंचे  तो पड़ा था शव

कठौली गांव निवासी अरुण कुमार (18 साल) गांव में रहने वाली दूसरे समुदाय की एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था। रविवार सुबह अरुण लड़की को अकेला पाकर उसके घर पहुंच गया। जहां वह लड़की को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया। इस पर दोनों के बीच विवाद हुआ। तभी लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। लोग मौके पर पहुंचे तो अरुण का शव खून से लथपथ पर पड़ा था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने गांव पहुंचकर पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया गया। मृतक युवक के चाचा कुंवर पाल का कहना है कि भतीजा खेत पर पानी लगाने गया था। गांव के लोगों द्वारा बताया गया कि उसकी हत्या हो गई है। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि उन लोगों से कोई रंजिश थी या प्रेम प्रसंग का मामला था। मृतक के साथ पहले हाथापाई हुई है। उसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस बोली ये मामला– सुसाइड का 

एसएसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि कठौली गांव में एक 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध अवस्था में डेड बॉडी मिली है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। परिजनों की तरफ से जो तहरीर हमें मिली है उसमें भी इस बात की पुष्टि की गई है। बाकी पूरे मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।