हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाएं : आनंद द्विवेदी

Lucknow
  • हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाएं : आनंद द्विवेदी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर ने हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है। इस उद्देश्य से हलवासिया कोर्ट स्थित महानगर कार्यालय में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला में लखनऊ प्रभारी त्र्यंबक त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, उपनेता देव शर्मा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी मंडलों, वार्डों और पार्षदों को अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

त्र्यंबक त्रिपाठी ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल और वार्ड में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं शहीद स्मारकों से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों और बस्तियों से गुजरेंगी। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित होंगी तथा 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और व्यापारिक संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान युद्ध वीरों, शहीदों तथा देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संगोष्ठियां, प्रदर्शनी और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही प्रबुद्धजन, पूर्व सैनिक, सुरक्षा कर्मियों, सामाजिक एवं महिला संगठनों को अभियान से जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।