यूपी में आतंक के खिलाफ बड़ी तैयारी: DGP ने एटीएस मुख्यालय का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

# ## Lucknow

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने रविवार को एटीएस मुख्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर आतंकवाद-रोधी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने परिचालन क्षमता, आधारभूत संरचना और तकनीकी संसाधनों को और सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने आतंकवाद से जुड़े मामलों की निगरानी प्रणाली, खुफिया तंत्र और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक आधारित निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और डेटा विश्लेषण की क्षमता को और अधिक मजबूत किया जाए।

डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एटीएस को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखने हेतु नियमित मॉक ड्रिल और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की दक्षता निरंतर अभ्यास और उन्नत प्रशिक्षण से ही बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने एटीएस कमांडोज़ के प्रशिक्षण संसाधनों का निरीक्षण करते हुए उनके कौशल विकास पर विशेष जोर दिया और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड समेत अन्य प्रमुख संस्थानों के साथ समन्वय कर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

डीजीपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर समन्वय और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के जरिए ही आतंकवाद जैसी जटिल चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाते हुए एटीएस की कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक एटीएस प्रेम गौतम सहित एटीएस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।