पश्चिम अफ्रीका के देश केप वर्डे में नाव डूबने से बड़ा हादसा, 63 लोगों की मौत, वहीं 38 लोगों को रेस्क्यू किया गया

International

(www.arya-tv.com) पश्चिम अफ्रीका के देश केप वर्डे में नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया। यहां के द्वीप समूह के तट के पास प्रवासियों की नाव समुद्र में डूब गई, जिससे 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने बुधवार को बताया कि हालांकि इस हादसे में 63 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं 38 लोगों को रेस्क्यू करके बचा लिया गया है। इसमें चार बच्चे शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि सोमवार को मछली पकड़ने वाली इस नाव को केप वर्डे द्वीप से लगभग 150 समुद्री मील यानी 277 किलोमीटर दूर अटलांटिक महासागर में देखा गया था। बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने वाले स्पेन के एक जहाज ने इसे देखा था, जिसके बाद उसनेकेप वर्डे के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

नाव पर सवार थे 101 यात्री

रिपोर्ट के मुताबिक केप वर्डे आइलैंड यूरोपीय संघ के स्पेनिश कैनरी आइलैंड समूह के तट से लगभग 600 किलोमीटर दूर मौजूद है। आईओएम की प्रवक्ता मसेहली ने बताया कि सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अभी भी 56 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी नाव के हादसे के बाद जब लोगों के लापता होने की जानकारी मिलती है, तो उन्हें मृत मान लिया जाता है। वहीं सेनेगल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह नाव 10 जुलाई को सेनेगल के फासे बोये से चली थी, जिस पर 101 यात्री थे।

ट्यूनीशिया के तट पर डूबी नाव

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक 7 अगस्त को ट्यूनीशिया के तट पर नाव डूबने से कम से कम 11 प्रवासियों की मौत हो गई और 44 लोग लापता हो गए हैं। वहीं इस नाव पर सवार 57 लोगों में से दो को बचा लिया गया। यह सभी लोग उप-सहारा अफ्रीकी देशों से हैं। बता दें कि अधिकारी ने दावा किया था कि वह लापता प्रवासियों की तलाश कर रहे हैं।