चिनहट स्थित पिकलडोम इंडोर कोर्ट में शनिवार से दो दिवसीय लखनऊ जिला पिकलबॉल चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में लखनऊ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल दिखाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। उद्घाटन उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने किया। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने की। इस मौके पर संघ के महासचिव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिकलबॉल तेजी से उभरता खेल है और इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के भरपूर अवसर हैं_। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और स्वयं कोर्ट पर उतरकर पिकलबॉल खेला। उन्होंने प्रतिभागियों को गेंद भी वितरित की। एसोसिएशन के सचिव डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने कहा कि एसोसिएशन का लक्ष्य शहर में पिकलबॉल का व्यवस्थित विकास करना है, साथ ही खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के बाद विभिन्न आयु वर्गों में सिंगल्स मुकाबले शुरू हुए। युवा खिलाड़ियों ने दमदार सर्विस, सटीक वॉली और लंबी रैलियों से अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन सचिव रणवीर सिंह और ऋषि श्रीवास्तव ने बताया कि चैंपियनशिप में अंडर-19, अंडर-23, 23 वर्ष से अधिक और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
